Copy of Copy of हिमाचल में फोरलेन के खिलाफ गरजे लोग NHAI को घेरा 39

हिमाचल की कंपनी में लगा हरियाणा में हुए घोटाले का पैसा: HSVP के सीनियर लेखा अधिकारी की काली कमाई का खुलासा! पढ़ें

हरियाणा की बड़ी खबर

HSVP के 69 करोड़ के घोटाले में हिमाचल प्रदेश तक फैला नेटवर्क, SAO सुनील बंसल ने खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी

पंचकूला में 15 करोड़ की 10 से अधिक संपत्तियां, बेटी-दामाद और बेटे के नाम पर निवेश

हिमाचल की फाइटो कम हेल्थ केयर में 43 लाख का निवेश, 10 करोड़ टर्नओवर वाली कंपनी में पत्नी की हिस्सेदारी

Whatsapp Channel Join


चंडीगढ़: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में हुए 69 करोड़ रुपए के विशाल घोटाले की परतें लगातार खुल रही हैं। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (SVACB) ने इस मामले में तत्कालीन सीनियर लेखा अधिकारी (SAO) सुनील बंसल द्वारा गबन किए गए पैसों से खरीदी गई संपत्तियों की विस्तृत जानकारी जारी की है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घोटाले का जाल सिर्फ हरियाणा तक ही सीमित नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ है, जहाँ बंसल ने एक कंपनी में भारी निवेश किया है।

साजिश और गबन का तरीका: यह घोटाला 2015 में तब शुरू हुआ, जब HSVP के उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना, विभाग का एक बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा, चंडीगढ़ में साजिशन खोला गया। इसके बाद, 2015 से 2019 तक, तत्कालीन वरिष्ठ लेखा अधिकारी सुनील बंसल ने एलएओ कार्यालय गुरुग्राम के बैंक खाते से 22 करोड़ रुपए और प्राधिकरण के खाते से 46 करोड़ रुपए अवैध तौर पर इसी नए खाते में ट्रांसफर किए। इस बैंक से फिर ये सरकारी राशि अलग-अलग निजी व्यक्तियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर सरकारी खजाने का गबन किया गया।

करोड़ों की प्रॉपर्टी का जाल: बंसल ने गबन किए गए पैसों से पंचकूला में 15 करोड़ रुपए से अधिक की 10 से अधिक अलग-अलग प्रॉपर्टियों में निवेश किया है। इसमें उनकी बेटी और दामाद, हर्षित जैन के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां शामिल हैं:

  • मकान नम्बर 1171, सेक्टर-7 पंचकूला: 3.07 करोड़ रुपए में खरीदा गया था और 2022 में 7 करोड़ रुपए में बेचा गया।
  • प्लॉट न. 486, सेक्टर-6 एमडीसी पंचकूला (350 वर्ग गज): 2.40 करोड़ रुपए में खरीदा गया। इस पर निर्माणाधीन मकान पर करीब 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। इस पर 80 लाख रुपए का लोन भी है।
  • बरवाला में 2 एससीओ (120/120 वर्ग गज): सुनील बंसल और नकुल बंसल (उनके बेटे) के नाम से करीब 1.71 करोड़ और 1.67 करोड़ रुपए में ऑक्शन में खरीदे गए।
  • मकान नम्बर 446, सेक्टर-6 मनसादेवी कॉम्प्लेक्स पंचकूला: बेटे नकुल बंसल और उनकी पत्नी आंचल के नाम करीब 1.33 करोड़ में खरीदा गया।
  • कृष्णा एन्क्लेव, डेराबस्सी: यहां 1000 वर्ग गज और दूसरा 2600 वर्ग गज के दो प्लॉट हैं, जो आरोपी ने रजनी गोयल (संजीव बिंदल के साले की पत्नी) से खरीदे।
  • कृष्णा एन्क्लेव, डेराबस्सी में 16 फ्लैट (नम्बर 227 से 241): प्रति फ्लैट 62 वर्ग गज के ये फ्लैट आरोपी संजीव बिंदल से खरीदे गए।

हिमाचल प्रदेश में निवेश का खुलासा: घोटाले की जड़ें हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई हैं। सुनील बंसल ने फाईटो कम हेल्थ केयर, हिमाचल प्रदेश की एक यूनिट को रेंट डीड पर लिया था, जिसमें उनकी पत्नी सुनीता रानी का 34 प्रतिशत हिस्सा है। इसमें 43 लाख रुपए खर्च होने की बात बताई गई है। यह यूनिट वर्तमान में रेनोवेशन से गुजर रही है और इसका वर्तमान टर्नओवर करीब 10 करोड़ रुपए के लगभग का है। यह निवेश बंसल के अवैध धन को सफेद करने का एक तरीका हो सकता है।

कार्रवाई और गिरफ्तारियां: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला द्वारा सुनील बंसल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम अर्जित की गई अचल संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सुनील बंसल के खिलाफ अभियोग संख्या 116, दिनांक 7 मार्च 2023, धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी. भारतीय दण्ड संहिता के तहत थाना, सेक्टर-7, पंचकूला में दर्ज किया गया है। इस अभियोग में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह घोटाला हरियाणा और पड़ोसी राज्यों में भ्रष्टाचार के गहरे नेटवर्क को उजागर करता है।