▪️ हमला रिश्तेदार फुफेरे भाई ने किया, पत्नी को भी धक्का मार गिराया
▪️फतेहाबाद के लांबा गांव में व्यापारी विनोद की चाकू से गला काटकर हत्या
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के लांबा गांव में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक 42 वर्षीय पशु व्यापारी विनोद कुमार की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। यह हत्या आपसी रिश्तेदारी में हुए पैसे के विवाद के चलते की गई।
घटना के समय विनोद अपने घर पर था। तभी उसी के पड़ोस में रहने वाला फुफेरा भाई सुखदेव सिंह, जो कि उसके घर के साथ ही रहता है, घर में घुस आया। उसने विनोद पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। विनोद की पत्नी जब उसे बचाने आई तो सुखदेव ने उसे धक्का मारकर नीचे गिरा दिया और विनोद की गर्दन काट दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी सुखदेव सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके साथियों की तलाश जारी है।
विनोद कुमार पशुओं की खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करता था और आरोपी सुखदेव से उसका कुछ समय से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। हत्या के पीछे प्रारंभिक जांच में इसी लेन-देन को मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को रतिया के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आगे की जांच तेज़ी से जारी है।