भारतीय कांग्रेस पार्टी की नेता किरण चौधरी ने सालों से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल की राजनीतिक विरासत की बागडोर को संभाला हुआ है। वर्तमान समय में किरण चौधरी हरियाणा के तोशाम विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाली विधायक हैं। किरण चौधरी हरियाणा की सत्ता पर शासन करने वाली भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं।
किरण चौधरी का जन्म कब हुआ और उनके माता-पिता कौन हैं?
किरण का जन्म 5 जून, 1955 को नई दिल्ली में हुआ था। उनके पिता आत्मा सिंह भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के पद से रिटायर हुए थे। उनकी माता का नाम सरला देवी था। किरण चौधरी के माता-पिता 2021 में कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए। सुबह पिता और शाम को माता का देहांत हो गया। एक ही दिन में माता-पिता का साया सर से उठना किरण के लिए बेहद दुःखदायक रहा।

किरण चौधरी का वैवाहिक जीवन
किरण की शादी हरियाणा के एक बड़े राजनीतिक परिवार में हुई। उनकी शादी भिवानी में रहने वाले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल के बेटे सुरेंद्र सिंह से हुई जो राजनीतिज्ञ थे। राजनीतिक परिवार से जुड़ने के बाद किरण सामाजिक और राजनीतिक कार्यों से जुड़ गईं। उनकी बेटी श्रुति चौधरी कांग्रेस पार्टी से जुड़ी एक राजनीतिज्ञ हैं। श्रुति चौधरी भिवानी से कांग्रेस की सांसद रह चुकी हैं।
राजनीति में किरण के कदम
अपने पति सुरेंद्र सिंह के असामयिक निधन से खाली तोशाम सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा और 11वीं विधानसभा के लिए पहली बार निर्वाचित हुईं। वह 2014 और 2019 में भी तोशाम से विधनसभा सीट से प्रत्याशी रहीं। उन्होंने लगातार तीन बार तोशाम सीट पर जीत दर्ज़ की। किरण इससे पहले अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव और दिल्ली विधानसभा की डिप्टी स्पीकर भी रह चुकी हैं। हरियाणा की सत्ता पर शासन करने वाली भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में किरण वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भी रही हैं।
विपक्षी सरकार पर किरण के शब्दों के बाण
किरण चौधरी ने विपक्षी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दस साल में इस सरकार को जनता ने देख लिया है। यह सरकार केवल जुमलों की सरकार है। आज आम आदमी से लेकर किसानों तक सभी इस सरकार से दुःखी हैं।