कुलबीर दनोदा उर्फ़ केडी हरियाणवी संगीत उद्योग से जुड़े गायक, रैपर, संगीत निर्देशक हैं। केडी के गानों ने देश विदेश में धूम मचाई है। केडी एक ऐसे कलाकार हैं जिन्हें हरियाणा के हर जाति और हर वर्ग के लोगों ने प्यार दिया है।
हरियाणा की आवाज़ को दुनिया में पहुंचाने वाले केडी अब आम आदमी पार्टी की आवाज़ बन चुके हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुलबीर दनौदा को स्टार प्रचारक के साथ-साथ युवा अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है।
केडी का प्रारंभिक जीवन

केडी का जन्म साधारण से किसान परिवार में 15सितंबर, 1990 को हुआ। उनका जन्म हरियाणा के जींद जिले के गांव दनोदा कलां में हुआ। केडी अपने शुरुआती नाम के पीछे अपने गांव का नाम जोड़ते हैं।
बहुत कम लोग उनके असली नाम कुलबीर नैन को जानते हैं। देश और विदेश में कुलबीर हरियाणवी रैपर केडी के नाम से जानें जाते हैं। केडी का विवाह हरियाणा की सुमन से हुआ। उनका एक बेटा दित्या और बेटी अन्वी है।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई को बीच में ही छोड़ा
कुलबीर की शुरुआती शिक्षा उनके गृहनगर से पूरी हुई। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, गुरुग्राम में दाखिला लिया। बचपन से ही केडी को गाने का बहुत शौक था। स्कूल के समय से ही उन्होंने शब्दों की तुकबंदी करना शुरू कर दिया और रैप लिखने लगे।
उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई को बीच में ही छोड़ दिया। जिसके बाद उन्होंने अपना पूरा समय संगीत को दिया। केडी ने संगीत की शिक्षा अपने गुरु रोहतक में स्थित कोकिला स्टूडियो के मालिक सतीश सहगल से प्राप्त की।
‘पाइया पित्तल’ से की हरियाणवी गानों में करियर की शुरुआत—
कुलबीर ने केडी एमडी म्यूज़िक कंपनी के साथ मिलकर वर्ष 2011 में रिलीज एल्बम देसी विलेजर्स से डेब्यू किया।
एल्बम के गाने पाइया पित्तल ने केडी को और उसकी टीम को हरियाणवी संगीत की दुनिया में मशहूर कर दिया। लोगों ने केडी की पहली एल्बम को बहुत प्यार दिया।
‘देसी-देसी ना बोल्या कर’ से मिली पूरी दुनिया में पहचान
2018 में रिलीज हुई एल्बम देसी-देसी का टाइटल ट्रैक देसी-देसी ना बोल्या कर पूरी दुनिया में टॉप पर रहा। इसके बाद ‘जेड ब्लैक’ और ‘डोरा’ गाने से भी कुलबीर को दुनिया भर में पहचान मिली।
इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक हिट गाने अपने फैन्स को दिए। कोरोना काल में भी उन्होंने लॉकडाउन पर एक हरियाणवी गीत पेश किया जिसमें लोगों को सरकारी पहल का समर्थन करने के लिए प्रेरित किया।
केडी के गानों को बॉलीवुड फिल्मों में दर्शाया गया
कुलबीर दनोदा के गानों ने बॉलीवुड की दुनिया को भी आकर्षित किया। भांगओवर और स्वीटी वेड्स एनआरआई फ़िल्मों में केडी के गानों को दर्शाया गया।
आम आदमी पार्टी की बने आवाज़

केडी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत वर्ष 2018 में की थी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में कुलबीर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। केजरीवाल ने उन्हें पार्टी के युवा अध्यक्ष और स्टार प्रचारक के रूप में चुना।
उपलब्धियां
अप्रैल 2019 में, प्रसिद्ध हरियाणवी रैपर केडी को 2018 के लोकप्रिय गायक और उत्तरी भारत के सबसे सर्वश्रेष्ठ कलाकार से सम्मानित किया गया।
| जन्म | 15सितंबर, 1990 |
| जन्मस्थान | गांव दनोदा, जींद, (हरियाणा) |
| नाम | कुलबीर नैन |
| निकनेम | केडी |
| पत्नी | सुमन |
| बेटा | दित्या |
| बेटी | अन्वी |
| पेशा | सिंगर |
| राजनीतिक पार्टी | आम आदमी पार्टी |
| उपलब्धि | 2018 सबसे सर्वश्रेष्ठ कलाकार अवॉर्ड |

