हरियाणा के जिला कैथल में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के स्वागत समारोह में पार्टी के ही पदाधिकारी ने जमकर बवाल काटा। हंगामा इतना बढ़ गया कि खुद डीएसपी ललित कुमार को कमान संभालती पड़ी, लेकिन फिर भी भाजपा नेता नहीं माना। कार्यक्रम में असला अंदर लेकर जाने की जिद पर अड़ा रहा और पुलिस के साथ हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ के लिए थाने में ले जाया गया।
जानकारी अनुसार रविवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी का कैथल भाजपा के पार्टी कार्यालय कपिल कमल में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के साथ स्वागत के लिए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा और कैथल विधायक लीलाराम गुर्जर सहित सरकार के दो चेयरमैन अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। इन सब के बीच पुंडरी विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में एसई मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी भी पहुंचे थे, जो अपने साथ असला लिए हुए थे। जैसे ही वह अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उनको अंदर जाने से रोक लिया, तभी वह पुलिस के साथ बहस करने लगा।

पुलिस ने उनको अंदर जाने से मना किया तो उसने वहीं पर बवाल मचाना शुरू कर दिया। भाजपा नेता बार-बार अंदर जाने की जिद करने लगा, तभी मौके पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार ने उनको समझने की बहुत कोशिश की, लेकिन भाजपा नेता असला लेकर अंदर जाने की जिद पर अड़ा रहा। जब बवाल ज्यादा बढ़ गया तो मौके पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार व सिविल लाइन एसएचओ अमित कुमार ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गए।
सुरक्षा व प्रोटोकॉल के मध्यनजर हिरासत में लिया गया भाजपा नेता
मामले के बारे में जानकारी देते सिविल लाइन एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी के स्वागत में समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य मंत्री, विधायक और भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे। इस बीच पूंडरी से पार्टी कार्यकर्ता धर्मेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में अपना असला लेकर पहुंचा। जिसको सुरक्षा और प्रोटोकॉल को मध्य नजर रखते हुए पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। कार्यक्रम के बाद उसे पूछताछ करके यदि उसका असला लाइसेंस जुड़ा है तो उसे फारिक कर दिया जाएगा।
भाजपा नेता से पूछताछ करेगी पुलिस
इस संबंध में एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार जहां पर विप मोमेंट है, वहां पर किसी भी प्रकार का असल ले जाने की इजाजत नहीं होती है। जिसके मध्यनजर भाजपा नेता को कार्यक्रम में अंदर जाने से रोका गया था। पुलिस असले के बारे में भाजपा नेता से व्यापक पूछताछ की जाएगी।