CM सैनी

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बोले सीएम सैनी– संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा करेगी सरकार, पांच साल में कोई वादा नहीं रहेगा अधूरा

हरियाणा पानीपत

समालखा (पानीपत): भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की नींव बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम की बदौलत इस मुकाम तक पहुंची है।

प्रदेशभर से आए भाजपा जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में आए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

प्रशिक्षण शिविर से निखरता है कार्यकर्ताओं का संगठनात्मक कौशल

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर पार्टी के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यहां कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, विचारों और कर्तव्यों को समझने का अवसर मिलता है, साथ ही संगठनात्मक कौशल भी निखरता है। इन शिविरों में सोशल पॉलिसी, जनसंपर्क और संगठन प्रबंधन की जानकारी दी जाती है और वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलता है।

Whatsapp Channel Join

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच समन्वय का काम करते हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि उन्हें सरकार के हर फैसले और योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए ताकि जनता तक सही संदेश पहुंचाया जा सके।

भाजपा सरकार ने बिना पर्ची, बिना खर्ची दी नौकरियां – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सैनी ने भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, जिससे पूरे देश में हरियाणा सरकार की चर्चा हो रही है। तीसरी बार सरकार बनते ही 25 हजार युवाओं को रोजगार दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पहली बार हरियाणा में ऐतिहासिक 2.05 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। इस बजट का हर पैसा योजनाओं और विकास कार्यों में सही तरीके से खर्च किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक नई पहचान बना रहा है। हरियाणा सरकार की योजनाओं की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी करते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस प्रशिक्षण शिविर से मिले अनुभव का उपयोग कर जनता को पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों से अवगत कराएं।

अन्य खबरें