दिग्विजय चौटाला ने खाप पंचायत के फैसले का किया सम्मान शिकायत की वापसी

दिग्विजय चौटाला ने खाप पंचायत के फैसले का किया सम्मान, शिकायत की वापसी

हरियाणा

● दिग्विजय सिंह चौटाला ने जाटू खाप 84 के फैसले का सम्मान करते हुए शिकायत वापिस ली।
● धनाना गांव में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के अपमान पर आरोपियों से माफी मंगवाई गई।
● चौटाला ने सरकार से महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की मांग की।

Devi Lal Statue Controversy हरियाणा के सिरसा जिले में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के अपमान को लेकर उपजे विवाद का समाधान जाटू खाप 84 द्वारा किया गया। गांव धनाना में कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा पर चढ़कर इंस्टाग्राम वीडियो बनाकर अपमानजनक हरकत की थी, जिससे पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया। इस घटना को लेकर जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने सिरसा पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

आज इस मुद्दे पर गांव धनाना में सर्वजातीय महापंचायत बुलाई गई, जिसमें जाटू खाप 84 के नेतृत्व में मामले का निपटारा किया गया। पंचायत में आरोपियों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई, जिसे सभी ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दिग्विजय सिंह चौटाला ने खाप के फैसले का सम्मान करते हुए अपनी शिकायत वापस ले ली।

Whatsapp Channel Join

इस अवसर पर दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि समाज से बड़ा कुछ नहीं होता, और सर्वसमाज द्वारा लिए गए निर्णय का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महापुरुष किसी जाति विशेष के नहीं होते, बल्कि पूरे समाज के होते हैं। चौधरी देवीलाल की प्रतिमा का अपमान केवल एक जाति का नहीं, बल्कि 36 बिरादरी के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य था। उन्होंने सरकार से मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कानून बनाया जाए। अंत में, उन्होंने जाटू खाप 84 के फैसले का दिल से स्वागत किया और सभी बुजुर्गों का आभार प्रकट किया।