हरियाणा के पलवल में बाइक सवार 12वीं के छात्र को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाश गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद छात्र गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल छात्र सोमवार को गांव जवां में अपनी बुआ के घर गया था। वहां से शाम के समय नितिन बाइक पर वापस लौटते समय मीसा चौक पर पहुंचा तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। घायल की पहचान नितिन के रुप में हुई है। नितिन के पिता रोहित ने बताया कि उसका बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता है। पुलिस घायल नितिन के बयान लेने अस्पताल पहुंची लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं है। गोली लगने के बाद घायल नितिन को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। नितिन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल युवक फरीदाबाद के निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। घायल की स्थिति ठीक होने पर पुलिस बयान दर्ज करेगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
