(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) भाजपा नेता संजय छौक्कर ने कहा कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थी के व्यक्तित्व का विकास और उसके चरित्र का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विद्यार्थी में सहज क्षमताओं को विकसित करने और उन्हें गुणवत्ता व्यक्तित्व के लक्षणों को प्राप्त करने में मदद करती है। भाजपा नेता संजय छौक्कर ने यह बातें पानीपत के खंड समालखा स्थित हिमगिरी पब्लिक स्कूल में 20वें वार्षिक समारोह के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए कहीं।
कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय छौक्कर ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया। इससे पूर्व स्कूल पहुंचने पर मैनेजमेंट कमेटी और अध्यपकों की ओर से मुख्यातिथि संजय छौक्कर का फूलमालाओं और बुक्के देकर स्वागत किया गया। वार्षिक उत्सव की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करके की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अनेक सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने हरियाणवी, राजस्थानी और गुजराती नृत्य से वाहवाही लूटी।

तत्पश्चात संजय छौक्कर ने कहा कि विद्यार्थी को सफल होने के लिए जितना प्रतिदिन पढ़ाई करना जरूरी है। उतना ही इसके लिए अच्छी अध्ययन योजना बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह प्रतिदिन कम से कम 8 घंटे पढ़ाई करने की कोशिश करें। भाजपा नेता ने कहा कि एक दिन में 12-14 घंटे पढ़ाई करके अगले दिन बिल्कुल भी पढ़ाई न करना, यह ठीक नहीं है। पढ़ाई में निरंतरता अवश्य लाएं, प्रतिदिन लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें।

इस मौके पर विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर संजय छौक्कर ने बच्चों की सराहना भी की और विद्यार्थियों को भविष्य का वैज्ञानिक बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा बनाए साइंस मॉडल आधुनिक भारत की तस्वीर को प्रदर्शित करते हैं। हिमगिरी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन राजबीर सिंह, प्रिंसिपल प्रमोद राठी, सचिव जिले सिंह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंच संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर हरेंद्र डीपी, सुखबीर पीटीआई, मैनेजर विजय लक्ष्मी राठी, रामनिवास, सरपंच बलराज, पार्षद रेणु धीमान, रकम सिंह छौक्कर चुलकाना, नरेंद्र कौशिक, दिनेश छौक्कर, सौरभ धीमान, अनिल धीमान सहित सभी अध्यापक और अभिभावक मौजूद रहे।