अयोध्या नगरी से भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर राम भक्तों की टोलियां जत्था मंगलवार को पानीपत पहुंचा। इस धार्मिक यात्रा की अगुवाई करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया ने की। सांसद संजय भाटिया यात्रा के तहत श्रीराम भक्तों के साथ 2 मार्च को पानीपत से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। राम भक्तों ने आज यात्रा से वापस लौटने के बाद अपने मीठे अनुभवों को सभी के साथ साझा किया।
यात्रा से लौटे भगवान श्रीराम के भक्तों ने अपने-अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि यह ऐसी पहली यात्रा है, जिसमें राम भक्तों की टोलियां का रहने, ठहरने और खाने की व्यवस्था का अधिक ध्यान रखा गया। इससे पहले अयोध्या नगरी पहुंचने पर सभी यात्रियों का रेलवे स्टेशन पर पूरा मान सम्मान किया गया। इस दौरान श्रीराम भक्त जैसे ही अयोध्या स्टेशन पर उतरे तो सरकार की ओर से सभी यात्रियों को बसों के द्वारा टेंट सिटी तक ले जाया गया। यहां श्रीराम भक्तों के लिए रहने-ठहरने के साथ तमाम समुचित व्यवस्थाएं की गई थी। अयोध्या में सभी राम भक्तों ने सरयू नदी में श्रद्धा की डुबकी लगाई। स्नानादि करने के बाद रामलाल के दर्शनों के लिए आतुर यात्रियों ने नवनिर्माणित मंदिर के लिए प्रस्थान किया।

यात्रियों ने बताया कि इसके बाद सभी ने हनुमान गढ़ी, कनक भवन, दशरथ भवन, कैकई भवन और रामघाट का भ्रमण किया। इस दौरान समूचे अयोध्या के अंदर जय श्रीराम के उद्घोषों से मानो ऐसा प्रतीक हो रहा था, जैसे साक्षात रूप से रामलाल अयोध्या में राजतिलक करवा रहे हो। यात्रा से वापस लौटने पर सांसद संजय भाटिया ने बताया कि आज सभी यात्री कुशल एवं रोमांचित होकर अपनी यात्रा को विश्राम कर रहे हैं। सभी यात्रियों ने अयोध्या की यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन सेवा प्रकल्पों को और भी आनंदमय बनाया।

यात्रा में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी लोगों ने भगवान राम रूपी समन्वय स्थापित किया और मर्यादा का पालन भी किया। इस यात्रा में करीब 1500 से अधिक राम भक्त सम्मिलित हुए, जो कि अलग-अलग क्षेत्र से शामिल हुए। सांसद संजय भाटिया ने कहा कि अब जल्द ही अयोध्या के लिए राम भक्तों की अन्य टोली को अयोध्या ले जाया जाएगा, ताकि सभी राम भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें।

इस दौरान सांसद संजय भाटिया और भाजपा के जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने यात्रा में सहयोग करने वाले लोगों का भी आभार जताया। साथ ही जिन्होंने मर्यादा में रहकर यात्रा को संगठित किया। इससे पूर्व यात्रियों का जत्था जैसे ही अयोध्या से पानीपत स्टेशन पर पहुंचा तो शहरवासियों ने उन पर पुष्प वर्षा कर और पटकें पहनाकर स्वागत किया। जिससे पानीपत स्टेशन भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

