आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रचार समिति के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कांग्रेस और भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस मिलीभगत कर विधानसभा में समय खराब कर रहे हैं। कांग्रेस भाजपा के सामने नतमस्तक है। विधानसभा सत्र में संदीप सिंह पर कोई चर्चा नहीं हुई। भाजपा भी अरविंद केजरीवाल के खौफ में है। तंवर ने नूंह हिंसा के लिए भी भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत को जिम्मेदार बताया।
डॉ. अशोक तंवर रोहतक में बिजली आंदोलन के प्रदर्शन में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर खूब जुबानी हमले किए। तंवर ने कहा कि यह दोनों पार्टियों मिली हुई हैं और नूंह हिंसा के लिए भी यही दोनों जिम्मेदार हैं। जब तक लोगों को 300 यूनिट फ्री बिजली, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधा नहीं मिलेगी, उनका यह आंदोलन इसी तरह चलता रहेगा। वर्ष 2024 में जनता भाजपा और कांग्रेस को सबक भी सिखा देगी।
विधानसभा सत्र में कांग्रेस ने किया समय बर्बाद
डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस भाजपा के सामने बिल्कुल नतमस्तक है, इसलिए कोई भी आवाज नहीं उठा रही। तीन दिन के विधानसभा सत्र में कांग्रेस पार्टी ने केवल समय बर्बाद किया है और किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं की। वहीं पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह मामले में भी कांग्रेस पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि आवाज उठाना विपक्ष का कर्तव्य था। ऐसा नहीं हुआ, यहां विपक्ष पक्ष के आगे नतमस्तक है।
आरोप : 2016 में भाजपा-कांग्रेस ने जलाया था हरियाणा
डॉ. अशोक तंवर ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2016 में जिस तरह से भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर हरियाणा को जलाया था। अब वही फार्मूला इन्होंने नूंह में अपनाकर हिंसा करवाई है। जांच में वह निकलकर सामने भी आ रहा है। भाजपा अरविंद केजरीवाल से इस कदर खौफ खाए हुए हैं कि उल्टी-सीधी बयानबाजी करने लगी है। वर्ष 2024 में जब मतदान होगा तो जनता इनको आइना दिखा देगी।
पूरे प्रदेश में हुआ है बिजली आंदोलन
आम आदमी पार्टी का यह बिजली आंदोलन आज पूरे प्रदेश में हुआ है। हालांकि अब कुछ दिन के लिए यह स्थगित कर दिया गया है, लेकिन जब तक 300 यूनिट फ्री बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा नहीं दी जाएगी, तब तक उनका यह आंदोलन इसी तरीके से चलता रहेगा और आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब और दिल्ली में यह करके भी दिखाया है।