रोहतक में मंगलवार को आम आदमी पार्टी प्रदेश संयुक्त सचिव लवलीन टुटेजा ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने सरकार की आपातकालीन परिस्थितियों पर आलोचना करते हुए कहा कि सरकार अपराधों को रोकने में असफल रही है। जिसके कारण लोगों को भय के माहौल में जीवन जीना पड़ रहा है।
टुटेजा ने कहा कि चाहे वह इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे राठी की हत्या हो या फिर रोहतक और अन्य जगहों में होने वाले अपराध, सभी जगहों पर अपराधियों की गतिविधियों को रोकने का काम सरकार का है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपराधों के खिलाफ सख्ती से नहीं उतरती, तो यह सरकार की असफलता होगी। टुटेजा ने सरकार को गैर जिम्मेदार तरीके से चलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि सरकार में कोई भी जवाबदेही महसूस नहीं हो रही है। न कोई नौजवानों को रोजगार दिया गया है और न ही जो सुरक्षा देने का काम सरकार का होता है, वह काम भी सरकार ने नहीं किया। जिसके चलते लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।
टुटेजा ने कहा कि वे और उनकी पार्टी पूरी तरह से इंडिया गठबंधन के लिए तैयार हैं। इंडिया गठबंधन का उद्देश्य संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन 10 की 10 सीटों पर जीत हासिल करेगा।