Ambala Cantt के डिफेंस कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें सब्जी लेने निकले एक बुजुर्ग को गाड़ी ने कुचल दिया। यह हादसा पंजोखरा थाना के अंतर्गत आने वाले डिफेंस कॉलोनी में हुआ। मृतक की पहचान बिहार के गांव समदा (पुर्णिया) निवासी रामदेव महतो (61) के रूप में हुई है, जो डिफेंस कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर के फॉर्म हाउस पर काम करता था। इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात गाड़ी चालक(Car Driver) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रॉपर्टी डीलर विशाल राणा, जो डिफेंस कॉलोनी सेक्टर-65 में रहते हैं, ने बताया कि वह अपने फार्म हाउस पर एक गाय रखते हैं और उसकी देखभाल के लिए रामदेव महतो को नियुक्त किया हुआ था। रामदेव को वहां रहने और खाने की पूरी व्यवस्था की गई थी और वह हर 5-6 महीने में अपने गांव जाता था। घटना के दिन, यानी शनिवार की शाम, अंधेरा हो चुका था जब रामदेव महतो अपनी साइकिल पर सवार होकर फार्म हाउस से पंजोखरा बस स्टैंड की ओर सब्जी लेने के लिए निकले। वह फार्म हाउस के गेट पर ही थे और बस कुछ ही दूरी पर थे, तभी अचानक एक कार चालक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मारी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रामदेव महतो सड़क पर गिर पड़े और उनकी साइकिल काफी दूर जाकर गिरी। हादसे के बाद, गाड़ी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। विशाल राणा, जो इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी थे, ने तुरंत रामदेव महतो को संभाला और डायल-112 पर कॉल करके घटना की सूचना दी। रामदेव महतो को मुंह, छाती और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस ने केस दर्ज कर की जांच शुरू
विशाल राणा ने तुरंत रामदेव महतो को अपनी गाड़ी में डालकर इलाज के लिए सिविल अस्पताल अंबाला सिटी पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पंजोखरा थाने की पुलिस ने विशाल राणा की शिकायत के आधार पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 304-A (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।