luteri mahila

Ambala में लुटेरी महिला ने छीनी कानों की बालियां, जानिए कैसे दिया वारदात को अंजाम?

अंबाला

हरियाणा के Ambala जिले में लुटेरी महिला ने बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। लुटेरी महिला ने घर में घुसकर पहले बुजुर्ग महिला की आंखों में मुट्‌ठी भर लाल मिर्च पाउडर डाला, उसके बाद कानों में पहनी सोने की बालियों को झपटकर फरार हो गई। आरोपी महिला भागती हुई CCTV कैमरे में कैद हुई है, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। घटना नारायणगढ़ के वार्ड-3 की है। पुलिस ने लूटपाट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

नारायणगढ़ के वार्ड-3 निवासी 81 वर्षीय लीलावती ने बताया कि वह गत दिवस सुबह 11 बजे अपने घर में बेड पर आराम कर रही थी। बेड दरवाजे के बिल्कुल साथ है। उसी समय एक औरत आई, जिसने काला रंग का कुर्ता और गुलाबी रंग की सलवार पहनी हुई थी। महिला ने अपने चेहरे पर हल्के नीले रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था। उक्त महिला एकदम कमरे में आई और उसने कमरे में आकर उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर की मुट्ठी डाल दी। आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डला होने का फायदा उठाते हुए आरोपी महिला उसके कानों से सोने की बालियां जबरन उतार फरार हो गई।

बुजुर्ग महिला ने बताया कि आंखों मे जलन व पीड़ा के कारण उसने शोर मचाया। जब तक पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक महिला भाग निकली। पीड़िता अकेली अपने बुजुर्ग पति के साथ रहती है। पड़ोसियों ने कॉल करके उसकी बेटियों को इसकी सूचना दी। उसकी बेटी मोनिका घर पहुंची और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। नारायणगढ़ थाने की पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 392,394 व 452 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Whatsapp Channel Join

अन्य खबरें