समालखा, (अशोक शर्मा) : दिल्ली पब्लिक स्कूल पानीपत सिटी में शनिवार को वार्षिक खेल महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन में समालखा के एसडीएम अमित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उहोंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय की प्रधानाचार्या रोहिणी दहिया तथा मुख्य अध्यापिका सरिता विज ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल बैंड द्वारा प्रस्तुत मधुर धुन ने मुख्य अतिथि का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने खेल दिवस के आरंभ की घोषणा करते हुए सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, निष्ठा एवं उत्साह से खेल खेलने की शपथ दिलवाई।
इस खेल महोत्सव में डीपीएस पानीपत सिटी तथा डीपीएस पानीपत सिटी अंसल के लगभग सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समूह गान के साथ किया गया। नृत्य के माध्यम से हरियाणा की गौरवपूर्ण संस्कृति तथा वीरता का प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात कक्षा प्री नर्सरी से कक्षा पांचवी तक के विद्यार्थियों ने जुंबा डांस, एवं विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उपस्थित दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। कक्षा छठी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर तथा रिले रेस के अतिरिक्त लॉन्ग जंप, हाई जंप, शॉटपुट, रस्सा खींच आदि विभिन्न खेलों का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं की समाप्ति के पश्चात सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

हमें बच्चों के साथ सकारात्मक अपनाना चाहिए रवैया
मुख्य अतिथि अमित कुमार ने सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें बच्चों के साथ सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों को सुझाव देते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ खेलों की ओर भी प्रोत्साहित करना चाहिए। विद्यार्थियों को खेलों के महत्त्व के प्रति जागरूक करना चाहिए। खेल में जीतने से अधिक भाग लेना महत्त्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के लिए इस खेल महोत्सव को आयोजित करने के लिए उन्होंने डीपीएस पानीपत सिटी के प्रयासों की भरपूर सराहना की।

खेल मानसिक स्थिति को सुधारने का अद्वितीय माध्यम : प्रधानाचार्या
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या रोहिणी दहिया ने सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा अभिभावकों के अथक प्रयासों की सराहना की तथा खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल हमारी शारीरिक और मानसिक स्थिति को सुधारने का अद्वितीय माध्यम है। खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल हमें विज्ञान, मनोविज्ञान, समय की पाबंदी, अनुशासन और नैतिकता की महत्वपूर्ण शिक्षाएं भी प्रदान करते हैं।