हिसार स्थित मिर्जापुर रोड पर अपने धर्म कांटे पर मिट्टी डाल रहे एक युवक की सवा लाख रुपए की सोने की चेन तोड़कर एक लड़का अपने साथी के साथ फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली। एचटीएम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने बताया कि वह मिर्जापुर रोड स्थित अमन नगर में रहता है। इसी रोड पर उसका स्वास्तिक धर्म कांटा है। वह धर्म कांटे पर मिट्टी डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर दो लड़के आए, जिनमें से एक बाइक पर ही बैठा रहा और दूसरा लड़का इधर-उधर घूमने लगा। इसके बाद पीछे से लड़के ने उसकी सोने की ढाई तोले की चेन तोड़ ली और भागने लगा। उसका पीछा किया तो पहले से बाइक स्टार्ट किए हुए लड़के के साथ बैठकर मौके से फरार हो गया
मौका पाकर चेन तोड़ेकर भागा युवक
सोने की चेन तोड़ने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो देखने पर साफ नजर आ रहा है कि शिकायतकर्ता के आसपास चेन तोड़ने वाला घूमता है। मौका पाकर पीछे से चेन तोड़कर भाग जाता है। वहीं शिकायतकर्ता सुरेश उसे पकड़ने का प्रयास करता है, लेकिन दोनों लड़के बाइक पर फरार हो जाते हैं।
चोरी की निकली बाईक
शिकायतकर्ता ने बताया कि दोनों लड़के चोरी की बाइक पर आए हुए थे। इस दौरान जब बाइक का नंबर सर्च किया तो वह चोरी की निकली। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों लड़कों की तलाश शुरू कर दी है।