इनेलो के युवा प्रदेशाध्यक्ष अर्जुन चौटाला ने जजपा पर बड़े बोल बोलते हुए निशाना साधा है। अर्जुन चौटाला का कहना है कि यह तो विरोधी हैं, इनको आज कोई कुर्सी देने और चाय पिलाने वाला नहीं है, जबकि प्रदेश की जनता पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को घर-घर बुलाने का काम कर रही है। अर्जुन चौटाला ने कहा कि हरियाणा की जनता अब बदलाव चाह रही है और इनेलो को विकल्प के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी प्रदेश की 10 की 10 लोकसभा व सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने में समक्ष और तैयार है।
यह बातें अर्जुन चौटाला हरियाणा के जिला भिवानी में इनेलो कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान अर्जुन चौटाला ने जिला युवा संगठन का गठन करते हुए नए युवाओं को साथ जोड़कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी। अर्जुन ने कहा कि उनका उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करना है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालातों पर अपनी राय रखते हुए गठबंधन सरकार पर जमकर कटाक्ष किया। अर्जुन चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में बदलाव की जरूरत है और जनता इनेलो को विकल्प के रूप में देखती है। चाहे लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग हो या एक साथ हो, इनेलो पूर्ण रूप से सक्षम है। उन्होंने कहा कि इनेलो लोकसभा की 10 की 10 सीटों और विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है। इनेलो की परिवर्तन यात्रा का असर आने वाले चुनाव में देखने को मिलेगा।
अर्जुन चौटाला ने गिनवाई सरकार की 3 कमियां, इनेलो इन एजेंडों पर करेगी काम
इस दौरान अर्जुन चौटाला ने प्रदेश में वर्तमान की तीन कमियों को भी गिनवाया। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी चरम पर है, दूसरा महंगाई आसमान छूती जा रही है, चाहे वह बिजली का बिल हो या पानी। तीसरी कमी उन्होंने किसानों पर हो रहे अत्याचार के रूप में गिनवाई। उन्होंने कहा कि फसलों के दाम कम मिलने से किसान वर्ग परेशान है। उन्हें नकली खाद और बीज मुहैया करवाया जा रहा है। नुकसान में किसी भी किसान की मदद नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इनेलो इन सब एजेंडों को लेकर कार्य कर रही है। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर हर महीने जरूरतमंद परिवारों को एक मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के मकसद से इनेलो 1000 रुपये भी देगी। बुजुर्गों को सम्मान स्वरूप 7500 रुपये पेंशन के रूप में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर हर घर से योग्य महिला व पुरुष को नौकरी देने का काम किया जाएगा।
गठबंधन से पूछ लो रहेगा या नहीं, देश में कांग्रेस नहीं विकल्प
इनेलो युवा नेता अर्जुन चौटाला ने गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले गठबंधन से यह पूछ लो कि रहेगा या नहीं, लेकिन इनेलो पूरी तरह से सक्षम और तैयार है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांगेस को विकल्प के रूप में नहीं देखती, यह 5 राज्यों का चुनाव बता रहा है। हम संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाकर इनेलो की सरकार बनाने का काम करेंगे। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर किसानों के अत्याचार और महंगाई व रोजगार जैसी समस्याओं पर लगाम लगाने का काम किया जाएगा।