● हरियाणा के नारनौल में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का अचानक हमला
● 50 से अधिक लोगों को काटा, 11 की हालत गंभीर, भगदड़ में कई लोग चोटिल हुए
● घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, कुछ निजी अस्पतालों में पहुंचे
Bee Attack Narnaul: हरियाणा के नारनौल जिले के नांगल शालू गांव में गुरुवार को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। वृद्ध महिला प्रभाती देवी के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे ग्रामीणों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में लगभग 50 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
श्मशान में मची अफरा-तफरी
गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई थी कि अचानक एक बड़े छत्ते से मधुमक्खियां बाहर निकल आईं और लोगों पर टूट पड़ीं। हमला इतना भयावह था कि लोग जान बचाने के लिए जहां-तहां भागने लगे। कई लोग वृद्धा की डेडबॉडी वहीं छोड़कर सुरक्षित स्थान की तलाश में भागे।
बचने के लिए लोग इधर-उधर छिपे
हमले के दौरान लोग घबराकर अलग-अलग दिशाओं में भागे। कुछ लोग जमीन पर लेट गए, कुछ दीवारों के पीछे छिप गए और कुछ ने मधुमक्खियों से बचने के लिए काफी दूर तक दौड़ लगाई। इस भगदड़ में कई वृद्ध लोग गिरकर घायल भी हो गए।
11 गंभीर रूप से घायल, कई अस्पताल में भर्ती
हमले में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 11 की हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों को उल्टी और सूजन की शिकायत हुई। नागरिक अस्पताल में भर्ती किए गए घायलों में 42 वर्षीय मुकेश कुमार, 87 वर्षीय लख्मीचंद, 55 वर्षीय बलबीर सिंह, आजाद, ईशान, बाबूलाल, शीशराम, सुनील, संदीप, मनोज और विक्रम शामिल हैं।
मधुमक्खियां शांत होने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जब मधुमक्खियां शांत हुईं, तब जाकर मृतका का अंतिम संस्कार संपन्न हो सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।