हरियाणा के यमुनानगर में आज रादौर में भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट द्वारा ट्रैक्टर मार्च निकालकर आंदोलन कर रहे किसानों को अपना समर्थन दिया गया। किसानों ने गांव खेड़ीलख्खा सिंह से ट्रैक्टर मार्च शुरू कर अनाज मंडी रादौर में इसका समापन किया। इस दौरान किसानों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही किसानों की मांगें नहीं मानी तो एक बड़ा आंदोलन शुरू हो सकता है।
ट्रैक्टर मार्च के बाद रादौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने बताया कि पंजाब के किसानों की मांग कोई नई नहीं है इसलिए सरकार को बिना देरी किए किसानों की मांगों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से किसानों पर सरकार द्वारा अत्याचार किए जा रहे हैं उसको किसान बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कल कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर हरियाणा के किसान संगठनों की बैठक होगी जिसमें आगामी फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल किसानों और सरकार के बीच भी वार्ता होगी। उम्मीद है कि कल सरकार किसानों की मांगों को पूरा करेगी। अगर उसके बाद भी किसानों की मांगो को पूरा नहीं किया गया तो हरियाणा के किसान संगठन भी आंदोलन को तेज करेंगे।