bhiwani mein kejareevaal aur maan kee hunkaar, raajaneeti gandagee hai to hamen uthaanee hogee jhaadoo

Bhiwani में केजरीवाल और मान की हुंकार, राजनीति गंदगी है तो हमें उठानी होगी झाड़ू

बड़ी ख़बर भिवानी राजनीति हरियाणा

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भिवानी में भाजपा पर निशाना जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि देश के लिए क्या जरूरी है? एक देश एक चुनाव या फिर एक देश एक शिक्षा (सबको समान और उच्च शिक्षा) और एक देश एक इलाज (अमीर हो या गरीब सबको एक समान अच्छा इलाज)। ऐसे में आमजन को एक देश एक चुनाव से क्या फायदा मिलेगा?

केजरीवाल रविवार को भिवानी में आयोजित सर्कल इंचार्जों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भिवानी की अनाज मंडी में चल रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के लोग भाजपा की करनी और कथनी से तंग आ चुके हैं और अब प्रदेश में बदलाव लाना चाहते हैं। यह राजनीति करते तो हमें राजनीति में आने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रदेश में हर बूथ पर 10-10 लोगों की कमेटी बनाई जाएगी। पूरे प्रदेश में 15 अक्तूबर तक 2 लाख पदाधिकारी बन जाएंगे। इसके बाद इतना बड़ा संगठन हो जाएगा, जिसे दुनिया की कोई ताकत हरा नहीं पाएगी। केजरीवाल ने कहा कि मुझे अन्ना हजारे को कहीं गई बात आज भी याद है कि अगर राजनीति गंदगी है तो हमें झाड़ू उठानी होगी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि देश में एक दिन आम आदमी पार्टी ही भाजपा का सफाया करके दिखाएगी।

Whatsapp Channel Join

भाजपा का उद्देश्य फाइव स्टार कार्यालय बनाना, हमारा क्लीनिक बनाना

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का संकल्प प्रदेश के हर जिले में फाइव स्टार बीजेपी कार्यालय बनाना है, जबकि हमारा उद्देश्य देश के हर गांव व हर मोहल्ले में बेहतर स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक खोलना है। आप राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और प्रदेश के संयुक्त सह सचिव पवन हिंदुस्तानी ने बताया कि समारोह में 5 से 6 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। समारोह में प्रदेश के 1400 से अधिक सर्कल इंचार्ज एक साथ शपथ लेंगे।

WhatsApp Image 2023 09 03 at 16.25.35

केजरीवाल का मनोहर लाल पर कटाक्ष

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि खट्टर साहब हम दिल्ली में निशुल्क और विश्व स्तरीय शिक्षा, इलाज, 24 घंटे बिजली-पानी दे रहे हैं। जिनकी शुरुआत पंजाब में भी कर दी गई है। इन सुविधाओं से जनता बहुत खुश है। अब जल्द ही हरियाणा के लोगों को भी इन निशुल्क सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को उनके दिए गए बयान पर भी घेरा। मनोहर लाल ने कहा था कि कई पार्टियां नारे लगाती हैं कि यह मुफ्त लो, वह मुफ्त लो, हमारी सरकार ने मुफ्त की आदत डालने की बजाय काम करने वाले व्यक्ति की आवश्यकताओं को पूरा कर उसके हुनर को निखार कर उसका विकास करने पर जोर दिया है।

सिसोदिया और जैन भाजपा में शामिल हो जाएं तो माफ हो जाएगी सजा

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में सिर्फ बिजली के बिल आते हैं, लेकिन लोगों को बिजली नहीं मिलती। फिर भी देश में हरियाणा की जनता को सबसे महंगी बिजली मिल रही है। यहां की जनता को ही मुख्यमंत्री और मंत्रियों का बिजली बिल भरना पड़ रहा है। जनता को बिजली निशुल्क दी जा सकती है, लेकिन सरकार की ऐसी मंशा ही नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मनीष सिसोदिया और सतेंद्र जैन आज भाजपा का दामन थाम लें तो उनकी सजा को माफ कर दिया जाएगा। मुझे मालूम है कि शेर ऐसा नहीं किया करते। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह संगठन में कभी भी गुटबाजी को शामिल न करें, क्योंकि ऐसा करने से बड़ी-बड़ी पार्टियां खत्म हो गई हैं।

1110

केजरीवाल हरियाणा का छोरा, हमने काम नहीं किया तो वोट मत देना

केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हमें हरियाणा के एक-एक घर जाकर चाय या दूध पीकर आना है। साथ ही प्रदेशवासियों को यह बताना है कि केजरीवाल हरियाणा का ही छोरा है। जिसने दिल्ली और पंजाब को बदलने का काम किया है और हरियाणा की बारी है। आम आदमी पार्टी हरियाणा को भी बदलकर ही दम लेगी। केजरीवाल ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में काम नहीं करवाए हैं तो हमें वोट बिल्कुल भी मत देना। ऐसी बात आज मैं आप लोगों के बीच खड़ा होकर कर रहा हूं, मगर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ऐसा नहीं कह सकते।

5551

भगवंत मान का पीएम के 15 लाख और काले धन पर कटाक्ष

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 लाख और काले धन पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हर बात जुमला, अब तो चाय बनाने पर भी शक है कि चाय बनानी आती है या नहीं। भगवंत मान ने कहा कि सरकार हर सरकारी संस्था को बेचती जा रही है। यह सब एक ही दोस्त को बेचा जा रहा है। ऐसा करके दोस्त को मालामाल बनाया जा रहा है, जबकि सरकार का जनता की तरफ कोई ध्यान नहीं है। अब सरकार अहंकार में हैं और जनता को यह सब मालूम है। जनता बड़े-बड़ों का अहंकार तोड़ना जानती है।

यह मात्र कार्यकर्ताओं की बैठक, आप की रैली न समझें भाजपा

सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की एक कार्यकर्ता बैठक है, भाजपा इसे आप की रैली न समझें। आप ने सरकार बनाने से पहले दिल्ली और पंजाब के लोगों को जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा किया जा रहा है। लोगों को 24 घंटे निशुल्क बिजली के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। आप ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी दिलाया है, लेकिन भाजपा की नीयत अच्छी नहीं है, यह लोगों के साथ पूरे देश को लूट कर खा गए हैं।

दरिया अपना रास्ता स्वयं बना लेता है, चुनाव कोई कुंभ नहीं

सीएम मान ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली के स्कूलों में अच्छा काम करने पर मनीष सिसोदिया को जेल में डाला है। यह ऐसे फैसलों से आम आदमी पार्टी को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, लेकिन आप एक दरिया है। यह बात सभी को मालूम है कि दरिया अपना रास्ता स्वयं बना लेता है। उन्होंने कहा कि चुनाव कोई कुंभ का मेला नहीं है, हमारे काम अच्छे न लगे तो हमें भी फेंक देना। मान ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि झाड़ू का बटन दबाते ही आपकी किस्मत बदल जाएगी।