हरियाणा के Bhiwani में फोन पर गालियां देने से रोकने पर कुछ युवक दीवार फांदकर एक घर में घुस आए और पति-पत्नी को बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की। घायल महिला और उसके पति को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जैन चौक चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भिवानी के हनुमान गेट पीपली जोहड़ी पर किराए के मकान में रह रहे गांव मांडोठी, जिला झज्जर निवासी अमित ने बताया कि वह मजदूरी करता है। रात करीब 11 बजे वह पत्नी मंजू के साथ घर पर था। बाहर गली में एक लड़का फोन पर ऊंची आवाज में गालियां दे रहा था। उसे टोका तो वह लड़का वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद वह लड़का तीन अन्य साथियों के साथ घर के बाहर आया और दरवाजा खटखटाने लगा। डर के मारे दरवाजा नहीं खोला, तो चारों लड़के दीवार कूदकर घर में घुस आए और अचानक हमला कर दिया।
तोड़फोड़ और धमकी
युवकों ने घर में पड़ा सामान, मोटरसाइकिल, कूलर, टंकी व अन्य सामान तोड़ दिया और ईंटे बरसाने लगे। हमले के बाद वे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोपी की पहचान हनुमान गेट, भिवानी निवासी सचिन और उसके साथियों के रूप में हुई है। जैन चौक चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की और मामला दर्ज कर लिया है।