City Tehlka

भिवानी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, जानें हरियाणा में कहां-कितना बढ़ा तापमान

हरियाणा

● हरियाणा में तापमान बढ़ा, भिवानी 37.2°C के साथ सबसे गर्म जिला
● 4 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहेगा, हल्की हवाएं चलने की संभावना
● गुरुग्राम में 24 घंटे में सबसे अधिक 2.3°C की बढ़ोतरी दर्ज

Heatwave Grips Haryana: हरियाणा में मौसम साफ रहने के कारण तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। 2 अप्रैल को प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी भिवानी जिले में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पूरे प्रदेश में औसतन तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी भी देखने को मिली। प्रदेश के नौ प्रमुख शहरों में तापमान 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बारिश या किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 4 अप्रैल तक हरियाणा का मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 3 और 4 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में हल्की नमी बनी रह सकती है और आंशिक बादल भी छा सकते हैं। हालांकि, इससे किसी भी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं बन रही है।

Whatsapp Channel Join

तापमान वृद्धि के संदर्भ में पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान वृद्धि गुरुग्राम में देखी गई, जहां तापमान 2.3 डिग्री बढ़कर 34.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य जिलों में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से जूझना पड़ सकता है।