Bhupendra Singh Hooda

जींद की धरती से भाजपा पर जमकर बरसें पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, बोलें सरकार ने प्रदेश पर चढ़ाया साढ़े चार लाख करोड़ का कर्ज, 2024 में बदलाव तय

जींद बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

हरियाणा के जिला जींद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2024 में प्रदेश में बदलाव तय है। बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, कानून व्यवस्था और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने हरियाणा पर साढ़े चार लाख करोड़ रुपये का कर्जा चढ़ा दिया है, लेकिन न एक इंच मेट्रो रेल लाइन बढ़ाई, न शिक्षण संस्थान लाए और न ही नए उद्योग धंधे लगाए गए, लेकिन सरकार ने प्रदेश को कर्जे में जरूर डूबा दिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बाद रविवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जींद के एसडी स्कूल में आयोजित जन मिलन समारोह के माध्यम से अपना शक्ति प्रदर्शन किया। समारोह में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा भारत का सबसे असुरक्षित प्रदेश है। हर रोज प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार ने डाकघर के जरिए दिए जाने वाले गंगाजल पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाए जाने से जुड़े सवाल पर कहा कि इस सरकार का वश चले तो सांस लेने, उठने बैठने, मरने-जीने सहित हर चीज पर टैक्स लगा दे। इस सरकार ने जनता को टैक्सों के बोझ तले दबाकर रख दिया है।

हुडा 1

कांग्रेस की सरकार बनते ही बंद करेंगे गैर जरूरी पोर्टल

Whatsapp Channel Join

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले परिवार पहचान पत्र, मेरी फसल मेरा ब्योरा और अन्य गैर जरूरी पोर्टल बंद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज परिवार पहचान पत्र, मेरी फसल मेरा ब्योरा, प्रॉपर्टी आईडी जैसे पोर्टलों ने जनता का जीना हराम कर दिया है। यह लोगों के जी का जंजाल बने हुए हैं। जन मिलन समारोह के जरिए हुड्डा लोगों के मन को टटोल का काम कर रहे थे। लोग आज गैर जरूरी पोर्टलों, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, बेरोजगारी और कर्ज आदि से तंग आ चुके हैं।

हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलवाए केंद्र सरकार

हुड्डा ने कहा कि हाल ही में आयोजित हुई हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की भर्ती में 100 में से सिर्फ 61 भर्ती हुई। उसमें भी गड़बड़ी है, इसलिए तुरंत प्रभाव से एचपीएससी को भंग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसवाईएल नहर को लेकर फैसला हरियाणा के पक्ष में आ चुका है। अब केंद्र को चाहिए कि वह सीपीडब्ल्यूडी से पंजाब की सीमा में नहर का निर्माण करवाकर हरियाणा को उसके हिस्से का पानी तुरंत दिलवाए।

गठबंधन सरकार से तंग आ चुके 36 बिरादरी के लोग

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता 2024 में बहुत बड़ा बदलाव चाहती है। 36 बिरादरी के लोग वर्तमान गठबंधन सरकार से पूरी तरह तंग आ चुके हैं। वर्तमान गठबंधन सरकार के शासन में हरियाणा बेरोजगारी, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और कर्ज के मामले में देश में नंबर वन पर है, जबकि कांग्रेस के शासन में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, रोजगार, निवेश में देश में नंबर वन पर था। उन्होंने बताया कि उन्हें जनता और विभिन्न संगठनों से मिल रहे सुझावों का पूरा डाटा तैयार किया जा रहा है। कांग्रेस के सत्ता में लौटते ही जनता को राहत देने का काम किया जाएगा।

इंडिया गठबंधन देश की जरूरत, खिलाड़ियों का पदक लाना कांग्रेस की खेल नीति का नतीजा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विपक्ष के इंडिया गठबंधन को देश की जरूरत बताया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ही देश और प्रदेश से भाजपा को उखाड़ने का काम करेगा। साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स के विजेता खिलाड़ियों को  बधाई देते हुए कहा कि यह उनके सीएम रहते बनाई गई खेल नीति का नतीजा है। सरकार को चाहिए कि वह गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 5 करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वाले को 3 और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले को एक करोड़ रुपये का इनाम दे। जिससे प्रदेश में खेलों को और बढ़ावा मिल सके।