हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कोई कुछ कहे या न कहे, लेकिन मेरा मानना है कि सब इस बात को समझते हैं कि 9 साल में हरियाणा कहा से कहा पहुंचा। हुड्डा ने कहा कि उन्हें यही एक टीस है कि वर्ष 2014 में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश में, नौकरियां देने, कानून व्यवस्था और खेल व खिलाड़ियों में नंबर 1 का प्रदेश था। वहीं आज हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई और अपराध के मामले में नंबर 1 पर पहुंच चुका है। आज प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की स्थिति सबके सामने स्पष्ट है। हमारी पहलवान बेटियों के साथ जो हुआ, वह सबके सामने है। कांग्रेस काल में जो नीतियां बनाई गई, सबको बिगाड़ दिया गया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे। इस रैली का आयोजन वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा की ओर से किया गया। बता दें कि पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा रैली को सफल बनाने के लिए पिछले एक माह से प्रयासरत थे। रैली की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान ने की। कुरुक्षेत्र की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के अलावा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखें। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि वर्ष 2022 तक प्रदेश के किसानों की आमदनी दुगुनी करेंगे, लेकिन किसानों की आमदनी दुगुनी तो दूर सरकार लागत मूल्य बढ़ा दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसान को फसलों का एमएसपी भी नहीं मिल रहा है। फसलों का उचित भाव नहीं मिलने से प्रदेश के किसान की हालत बदतर हो गई है। कीटनाशक दवाईयों से लेकर पेट्रोल-डीजल तक के दाम इस सरकार ने बढ़ाने का काम किया है। वहीं कांग्रेस राज में किसानों की भलाई के कार्य किए गए। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के 4 लाख परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट वितरित किए, जबकि भाजपा की सरकार मजदूरों को उनकी मजदूरी से ही वंचित रख रही है। आज प्रदेश के युवाओं से रोजगार के नाम पर मजाक किया जा रहा है। बेरोजगारों को कच्ची नौकरियां देकर सरकार उनसे ही कमीशन लेने का काम कर रही है।

हरियाणा में युवाओं के लिए कोई सगाई लेने वाला भी नहीं होगा, केंद्र के आकड़ों में प्रदेश असुरक्षित
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सेना में भर्ती के नाम पर भी युवाओं से भद्दा मजाक किया जा रहा है। 18 साल की उम्र में भर्ती होने के बाद 4 साल में ही युवाओं को रिटायर किया जा रहा है। हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि इस तरह तो युवाओं के लिए कोई सगाई लेने वाला भी नहीं होगा। लड़की वाले कहेंगे कि 1 साल बाद तो लड़का घर बैठ जाएगा। वहीं आज हमारी बहन-बेटियां ही असुरक्षित हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह मैं नहीं कह रहा, बल्कि केंद्र सरकार के आकड़े कह रहे हैं कि हरियाणा असुरक्षित प्रदेश हैं। उन्होंने कहा कि आम हमें गंभीरता से सोचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज कुरुक्षेत्र की धरती से यह संकेत दे दिया है कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।

कांग्रेस आने पर बुजुर्गों और विधवा को मिलेगा 6 हजार रुपये सम्मान भत्ता, दादूपुर नलवी नहर की फिर होगी खोदाई
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में फिर से कांग्रेस की सरकार आने पर सबसे पहला काम बुजुर्गों का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बुजुर्गों की पेंशन काटने का काम कर रहे है तो कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश के बुजुर्गों को 6 हजार रुपये बुढ़ापा सम्मान भत्ता दिया जाएगा। इतना ही भत्ता प्रदेश की विधवा महिलाओं को भी दिया जाएगा। प्रदेश में 300 यूनिट बिजली का बिल माफ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के लिए 100-100 वर्ग गज के प्लॉट वितरित की स्कीम को फिर से शुरू किया जाएगा। कर्मचारी वर्ग के लिए पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू किया जाएगा। महिलाओं के लिए घरेलू सिलेंडर की कीमत 500 रुपये की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र क्षेत्र के किसानों की भलाई के लिए दादूपुर नलवी नहर की खोदाई का काम दोबारा शुरू करवाया जाएगा। कांग्रेस की सरकार बनने पर गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल किया जाएगा।