हरियाणा के हिसार जिले में बाइक सवार दो बदमाशों एक महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। जिसकी शिकायत महिला ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की डायल-112 टीम ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़ित महिला का नाम भागो देवी है जो गांव पायल की रहने वाली है। उसने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह खेत में मकान बनाकर रह रही है। वह गांव में किसी काम के लिए आई थी। कल देर शाम को वापस खेत में बने मकान पर जाने लगी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। दोनों ने अचानक उसके पास आकर बाइक रोक ली। वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही गले से सोने की चेन तोड़ कर फरार हो गए। चेन के अंदर सोने की तबीज भी डली हुई थी। महिला ने बताया कि उसने शोर मचाया तो गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जिस तरफ बदमाश भागे थे वहां उनकी तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नही आ सके। आजाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।