● भाजपा नेता मोहनलाल बडौली और सिंगर रॉकी मित्तल पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस की
● प्रेस वार्ता के दौरान होटल प्रबंधन ने रोका, फिर पुलिस पहुंची और महिला की पहचान की पुष्टि की
● महिला ने रोते हुए कहा कि उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, इंसाफ की मांग की
Haryana BJP Scandal: हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और गायक रॉकी मित्तल पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला आज पंचकूला में मीडिया के सामने आई। इस दौरान उसने दावा किया कि दोनों नेताओं ने उसके साथ दुष्कर्म किया था और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। महिला ने कहा कि वह पहली बार मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुना रही है, लेकिन यहां भी उसे बोलने से रोका जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान होटल प्रबंधन ने कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की पहचान की पुष्टि की। पुलिस का कहना था कि उन्हें महिला को नोटिस देना था, इसलिए वे वहां आए थे। पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की, तो वह फूट-फूटकर रोने लगी और बोली कि वह केवल न्याय चाहती है।
महिला से जब पूछा गया कि उसने डेढ़ साल बाद मुकदमा क्यों दर्ज कराया, तो उसने बताया कि उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं, इसलिए वह अब तक चुप थी। उसने कहा कि वह अपनी जान को खतरे में डालकर भी न्याय की लड़ाई लड़ेगी। वहीं, इस मामले पर भाजपा नेताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

