साइबर क्राइम करने वाले अब आम लोगों के साथ खास लोगों को भी अपना निशाना बनाने लगे हैं। अब नेताओं को व्हाट्सअप के जरिए वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील वीडियो दिखाकर परेशान किया जाने लगा है। इसके शिकार हरियाणा भिवानी के महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह भी हो गए हैं, जिन्हें पहले व्हाट्सअप पर वीडियो कॉल आई, जब उन्होंने कॉल उठाई तो उस पर अश्लील वीडियो चलने लगा।
इतना ही नहीं सामने वाले ने उनका स्क्रीन भी रिकॉर्ड कर लिया। यह घटना सांसद के साथ उस दौरान हुई, जब वह एक बैठक में भाग ले रहे थे। मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा सांसद ने कॉल को काटकर तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की शिकायत स्थानीय साइबर क्राइम थाने में दी। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साइबर थाने की टीम आरोपी के नंबर को ट्रेस कर उस तक पहुंचने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कॉल किस मकसद से की गई थी। साथ ही आरोपी के ठिकानों का भी पता लगाया जा रहा है।
साइबर क्राइम थाने के एसएचओ विकास ने बताया कि मामले की शिकायत भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह के सचिव की ओर से दी गई है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया कि वह किसी अनजान व्यक्ति की कॉल न उठाएं। इसकी आड़ में धोखाधड़ी की जा सकती है। अनजान वीडियो कॉल कर ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

