भारत-पाक तनाव के बीच भाजपा हरियाणा में निकालेगी तिरंगा यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में संयोजक किए नियुक्त
14 और 15 मई को पूरे हरियाणा में निकलेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर – तिरंगा यात्रा’
BJP Tiranga Yatra Haryana: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में ‘ऑपरेशन सिंदूर – तिरंगा यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा पूरे प्रदेश में 14 और 15 मई को आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से भाजपा देशभक्ति, एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने इस अभियान के लिए हरियाणा के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में संयोजकों की नियुक्ति कर दी है, जो यात्रा की पूरी देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में तिरंगा यात्रा की रणनीति और कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट की गई है।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता में राष्ट्रीय एकता, सैन्य सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रबल करना है। यह अभियान ऐसे समय में आ रहा है जब सीमा पर भारत-पाक संबंधों में तनाव व्याप्त है, और देश के भीतर एकजुटता की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

भाजपा की यह यात्रा हरियाणा के 10 लोकसभा क्षेत्रों – अंबाला, करनाल, सिरसा, रोहतक, हिसार, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र और सोनीपत में अलग-अलग रूट्स पर निकाली जाएगी। संयोजकों को यात्रा की रूट प्लानिंग, जनसभा, और मीडिया समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, तिरंगा यात्रा का लक्ष्य राजनीतिक लाभ से अधिक जनचेतना और देशभक्ति का वातावरण बनाना है। यह यात्रा पार्टी के ग्राउंड कनेक्ट को भी मजबूत करेगी और लोकसभा चुनावों के लिए माहौल तैयार करने का एक बड़ा माध्यम मानी जा रही है।

