मोहन लाल बड़ौली

हरियाणा में भाजपा का संगठनात्मक विस्तार: 27 जिलों में बने नए संगठनात्मक जिले, सोमवार को पूरे होंगे जिला अध्यक्षों के चयन

हरियाणा

हरियाणा में निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने घोषणा की है कि पार्टी ने प्रशासनिक रूप से 22 जिलों वाले हरियाणा में संगठनात्मक दृष्टि से 27 जिले बना दिए हैं।

बड़ौली ने बताया कि पार्टी ने हांसी, गोहाना, डबवाली, बल्लभगढ़ और गुरुग्राम महानगर को नए संगठनात्मक जिले के रूप में गठित किया है। ये जिले भौगोलिक और प्रशासनिक सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। अब भाजपा के 27 जिला अध्यक्ष होंगे, जिनका चयन प्रक्रिया सोमवार 17 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होता है। उन्होंने बताया कि निकाय चुनावों के कारण संगठन विस्तार की प्रक्रिया कुछ समय के लिए रुकी हुई थी, जिसे अब फिर से गति दी गई है।

Whatsapp Channel Join

भाजपा ने तीन-तीन विधानसभाओं को मिलाकर नए संगठनात्मक जिले बनाए हैं। बड़ौली ने बताया कि इससे काम का सही बंटवारा होगा और अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन में योगदान देने का मौका मिलेगा। कुछ जिलों की भौगोलिक सीमा बहुत बड़ी थी, जहां चार विधानसभा क्षेत्र आते थे, जबकि कुछ जिलों में सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्र ही थे। ऐसे में संगठन को बेहतर तरीके से चलाने के लिए यह बदलाव किया गया है।

हरियाणा में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ से जनता खुश

बडौली ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सर्व समाज के हितों के लिए काम कर रहे हैं। निकाय चुनावों में भाजपा को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला है, जिससे प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दलों में हड़कंप मचा हुआ है, इसलिए वे अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।

अन्य खबरें