दिल्ली विधानसभा चुनाव में BJP की ऐतिहासिक जीत होते ही हरियाणा में जश्न का माहौल है। सोनीपत में मिठाइयां बांटी गईं, तो सिरसा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचकर खुशी जताई।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी का प्रचार रंग लाया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा के कई दिग्गज नेता दिल्ली में प्रचार में जुटे थे। अरविंद केजरीवाल के यमुना जल विवाद पर आरोपों का जवाब भी सीएम नायब सैनी ने ही दिया था। उन्होंने खुद हरियाणा में यमुना का पानी पीकर और दिल्ली में जाकर सच्चाई उजागर कर AAP के दावों को गलत साबित किया था।

AAP को पंजाब में झटका, भगवंत मान की उम्मीदें टूटीं
दिल्ली में हार से पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं में निराशा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में जमकर प्रचार किया था, लेकिन जनता ने AAP को नकार दिया। वहीं, पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने दिल्ली के नतीजों पर कहा—”AAP झूठ पर बनी पार्टी है, जिसने दिल्ली और पंजाब दोनों को बर्बाद किया।”

हरियाणा भाजपा ने कहा—मोदी का जादू सिर चढ़कर बोला
हरियाणा के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने दिल्ली में जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा, “दिल्ली की जनता ने समझदारी से फैसला लिया। AAP ने झूठ, भ्रष्टाचार और भय का माहौल बनाया था, लेकिन अब दिल्ली में तेज गति से विकास होगा।”
AAP के झूठ और मुफ्तखोरी की राजनीति खत्म
हरियाणा के मंत्री ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि “झूठ, धोखाधड़ी और मुफ्तखोरी की राजनीति का अंत हो गया है। दिल्ली की जनता ने साफ संदेश दे दिया कि अब सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी।” दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद हरियाणा में जश्न जारी है।