हरियाणा में सोनीपत के गोहाना स्थित गांव महमूदपुर में देर शाम को जमानत पर आए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गोली मारने का आरोप एक पिता-पुत्र पर लगाया गया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद फरार हैं। वहीं वारदात में एक अन्य को भी गोली मारी गई है। जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोहाना क्षेत्र के गांव छतेहरा निवासी देंवेंद्र मंगलवार शाम को 5 बजे तक घर पर ही था। इसी बीच उसे किसी का फोन आया और वह घर से चला गया। करीब एक घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि उसकी महमूदपुर गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो मृतक देवेंद्र का शव महमूदपुर स्थित अमित चहल के कार्यालय के बाहर औंधे मुंह पड़ा मिला है। कार्यालय के बरामदे में भी खून के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि देवेंद्र को वारदात का आभास हो गया था। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे भागते हुए ही गोली मार दी गई।

मृतक को हाईकोर्ट से मिली हुई है जमानत
मृतक देवेंद्र और इसके मामा पर इसराना में मर्डर का केस चल रहा था। देवेंद्र को इस केस में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिली हुई है। माना जा रहा है कि इसी रंजिश में देवेंद्र की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस अभी मौके पर छानबीन कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही पूरी घटना सामने आएगी। इसराना में करीब 9 साल पहले मर्डर की सनसनीखेज वारदात में ये शामिल रहा था।

पूरे प्लान के साथ वारदात स्थल पर बुलाया गया था मृतक
सूत्रों के अनुसार देवेंद्र की हत्या गोली मारकर की गई है। गोली मृतक की छाती पर लगी है। माना जा रहा है कि पूरे प्लान के साथ ही मृतक को वारदात स्थल पर बुलाया था। देवेंद्र भागने लगा तो उसे गोली मार दी गई। देवेंद्र खेतीबाड़ी का काम करता था। वहीं वारदात में एक दूसरे शख्स को भी गोली लगी है। जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में शुरू की कार्रवाई
इस संबंध में जांच अधिकारी सदर थाना एसएचओ वजीर सिंह रेढू का कहना है कि वारदात के तहत दो लोगों को गोली मारी गई है। जिसमें गांव छतेहरा निवासी देंवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे व्यक्ति को घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। गोली मारने का आरोप अमित और उसके पिता पर लगाया गया है। फिलहाल दोनों फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कार्रवाई शुरू कर दी है।