हरियाणा में गणतंत्र दिवस की तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है। जिला रोहतक में सुरक्षा के मध्यनजर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके तहत रेलवे स्टेशन से लेकर मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बम निरोधक दस्ता टीम ने अभियान चलाकर जांच की।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के दिशा निर्देश अनुसार गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए निरीक्षक बलवान सिंह के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता टीम तैयार की गई है। जिसमे कोर्स पास जवानों को तैनात किया गया है। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता द्वारा रोहतक में निरंतर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी बम निरोधक दस्ता टीम द्वारा रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड, बांगड सिनेमा सहित विभिन्न स्थानों पर बारिकी से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बस स्टैंड पर बसों के अंदर, पार्किंग एरिया और बस अड्डा परिसर में भी यात्रियों के सामान की जांच की गई।

इस दौरान किला रोड बाजार में स्थित दुकानों, बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों, सामान और भीड़भाड वाले स्थानों को बारिकी से चैक किया गया। निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि अभियान के तहत आमजन को जागरूक किया जा रहा है तथा सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। रोहतक पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु, वाहन या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। संदिग्ध वस्तु को न तो खुद छुएं और न ही किसी को छूनें दे। अभियान के तहत रोहतक पुलिस का सहयोग करें।


