हरियाणा के जिला पानीपत के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में दीपावली महापर्व के उपलक्ष्य में मंत्रों उच्चारण के साथ हवन पूजन किया गया। जिसमें विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ सदस्यों सहित विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिक्षा के मंदिर में प्रथम पूज्य गजानन के साथ ज्ञान दायिनी मां सरस्वती और महालक्ष्मी का आह्वान किया गया।
इस मौके पर विद्यालय के अध्यक्ष रमेश रेवड़ी और संगीता रेवड़ी, उपाध्यक्ष जगदीश अरोड़ा और प्रियंका अरोड़ा, उनकी बेटी अंकिता अरोड़ा ने सभी अध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी। साथ ही शिक्षकों को उपहार भेंट किए गए। इस दौरान विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता और एकेडमिक डायरेक्टर अर्चना जैन ने शिक्षकों के साथ दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला।
डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष आने वाला दीपावली का त्योहार सभी के लिए खुशियां लेकर आता है। देश का कोई ऐसा हिस्सा नहीं हैं, जो इस चकाचौंध से भरा न हो। हर जगह रंग-बिरंगे सजावट के सामान, मोमबत्तियों, दीये और जगमगाती लाइट दिखाई देती। उनकी कामना है कि सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों का जीवन भी यूं ही जगमगाता रहे। दीपावली के लाखों दीये आपके जीवन को सौभाग्य, खुशी, स्वास्थ्य और सफलता से रोशन करें। एकेडमिक डायरेक्टर अर्चना जैन ने कहा कि दीपावली रोशनी का खूबसूरत त्योहार है। इसे 5 दिनों की अवधि में बहुत उत्साह और खुशी के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार सकारात्मक, प्रसन्न भावना, अंधकार पर प्रकाश की जीत, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की जीत का प्रतीक है। 14 साल के वनवास के बाद भगवान राम की अयोध्या वापसी का प्रतीक है। दशहरे के दिन भगवान राम ने रावण का वध किया और फिर अयोध्या लौट आए। ऐसे में श्रीराम के स्वागत के लिए अयोध्या को रोशन किया गया। इसलिए दीपावली का पर्व जश्न के साथ मनाया जाता है। हमें मिल-जुलकर यह पर्व मनाना चाहिए।

