Chandigarh हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सतनाल (महेंद्रगढ़) के नायब तहसीलदार रघुबीर सिंह और कादीपुर (गुरुग्राम) के नायब तहसीलदार अमित कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जनता की शिकायतों और विभागीय जांच रिपोर्टों के आधार पर की गई है।
प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश
गुरुग्राम के उपायुक्त को नायब तहसीलदार अमित कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं। दोनों अधिकारियों को निलंबन अवधि के दौरान अपने-अपने मुख्यालय—रघुबीर सिंह को नारनौल और अमित कुमार यादव को चंडीगढ़ में रोजाना रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। इस अवधि में उन्हें केवल गुजारा भत्ता प्रदान किया जाएगा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। जनता के हितों की रक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही करता है तो उसे दंडित किया जाएगा।

	





