चंडीगढ़ में स्थित एक पीजी में बाथरूम में हिडन कैमरा लगाकर साथी लड़कियों की अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है, यह कैमरा गीजर के ऊपर छिपा हुआ था और इसका पता चलते ही कैमरा देखने वाली लड़की ने तुरंत पीजी के मालिक को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को शिकायत की गई।
पुलिस ने मामले में साथ रहने वाली एक लड़की और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की ने बताया कि उसके बॉयफ्रेंड ने ही तीन दिन पहले उसे यह कैमरा लगाने का कहा था। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354सी, 509 और 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस मकान के टॉप फ्लोर पर स्थित पीजी में 5 लड़कियां रहती हैं और इन्हें एक ही बाथरूम का इस्तेमाल करना पड़ता है। जिस लड़की ने कैमरा लगाया, वह उत्तर प्रदेश से आई हुई है और उसके साथी के साथ रहती है।

लड़कियों के परिजनों को किया सूचित
पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त करके जांच शुरू कर दी है और वह यह देखने के लिए कोशिश कर रही है कि मामले में कितने वीडियो बने और उन्हें कहां स्टोर किया गया है। इसके साथ ही दूसरी लड़कियों के माता-पिता को भी सूचित किया गया है और उन्हें पीजी खाली कराकर लड़कियों को घर ले जाने का प्रस्ताव दिया गया है।

दोनों आरोपियों के फोन की हो रही फॉरेंसिक जांच
मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है कि कैमरे की रिकॉर्डिंग-स्टोरेज सेंटर कहां है और वहां से वीडियो किसके पास जा रहे थे। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के फोन की फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है। पुलिस उम्मीद कर रही है कि जांच रिपोर्ट से एक्सेस के बारे में सटीक जानकारी मिलेगी।

