Charkhi-Dadri : लोकसभा चुनाव करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को ईवीएम, मतदान सामग्री के साथ जीपीएस लगी गाड़ियों में बूथों के लिए रवाना हुई। 2 विधानसभा क्षेत्रों में 482 मतदान केंद्र(polling station) हैं। रवाना होने से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्मचारियों को शांतिपूर्ण व निष्ठा से मतदान करवाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान जहां तपती गर्मी के बीच महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ ड्यूटी देने पहुंची, वहीं पहली बार लोकसभा चुनाव में महिला कर्मचारी वोटिंग करवाते दिखाई देंगी।
बता दें कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में जिला चरखी दादरी के बाढड़ा व दादरी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान करवाने के लिए 482 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान को लेकर जनता कालेज व जेडीकेडी स्कूल में पोलिंग पार्टियों को ट्रेनिंग दी गई। दोनों स्थानों पर ईवीएम व मतदान सामग्री कर्मचारियों को वितरित की गई। इस दौरान डीसी मनदीप कौर ने भी जायजा लेते हुए कर्मचारियों से निष्ठा से मतदान करने का आह्वान किया। डीसी ने बताया कि चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र में 207812 व बाढड़ा विधानसभा में 197273 मतदाता 25 मई को मतदान करेंगे।

वहीं तपती गर्मी के बीच छोटे बच्चों के साथ अपनी ड्यूटी करने पहुंची महिला कर्मचारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी परेशानी भी बताई। पोलिंग पार्टियों को विभिन्न टेबलों के माध्यम से ईवीएम व मतदान सामग्री देते हुए जीपीएस लगी गाड़ियों के माध्यम से पोलिंग बूथों के लिए रवाना किया गया। एसपी पूजा वशिष्ठ ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए शांतिपूर्ण मतदान का दावा किया। कहा कि जिले में 19 मतदान केंद्रों को क्रिटीकल घोषित किया गया है, उन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
तैनात की गई 167 महिला कर्मचारी
जिले में मेन पावर की कमी के कारण भिवानी और दादरी के लिए एक साथ चुनाव ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद जिला में चुनाव प्रबंधन के लिए कर्मचारी अधिकारी कम हैं। इसलिए महिलाओं को भी चुनाव ड्यूटी में शामिल किया गया है। महिलाओं की ड्यूटी के दौरान उनके क्षेत्र व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उनकी ड्यूटी केवल शहरी क्षेत्र व साथ लगते इलाके में ही होगी। जिला में कुल 167 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।







