हरियाणा के भिवानी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक का जखीरा पकड़ने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। छापामार कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 4910 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया है। जिसकी कीमत लाखों रुपये लगाई जा रही है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामार कार्रवाई की है। वहीं नगर परिषद की ओर से आरोपियों पर जुर्माना लगाया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को गुप्त सूचना मिली थी भिवानी में चंदूलाल वाली गली स्थित एक घर में में सरकार की ओर से प्रतिबंधित प्लास्टिक को रखा गया है। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने नगर परिषद अधिकारियों के साथ मौके पर छापा मार कार्रवाई की। छापे के दौरान टीम ने ट्रॉली के वजन सहित 4910 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया।
नगर परिषद के ईओ अभय यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने छापामार कार्रवाई की तो मौके से भारी मात्रा में प्लास्टिक बरामद हुई। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये की प्लास्टिक पकड़ी गई है, जिस पर सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई प्लास्टिक को जब्त कर लिया गया है। नियमानुसार उसे खत्म किया जाएगा। साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।