हरियाणा में लगातार बढ़ती ठंड के कारण सरकार ने बच्चों की स्कूलों की छुट्टियों को आगे बढ़ा दिया है। शिक्षा विभाग ने तीसरी कक्षा तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ा दी हैं। इससे ऊपर की कक्षाओं के छुट्टियों का फैसला जिला प्रशासन द्वारा होगा। आधिकारिक आदेश आज जारी किए जाएंगे।
हरियाणा में इससे पहले सर्दियों की छुट्टियां 1 जनवरी से 15 जनवरी तक की गई थी, लेकिन ठंड ज्यादा बढ़ने के कारण सरकार ने और छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया है। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने भी 15 से 16 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है और रेड अलर्ट भी जारी किया है।
पंजाब में 5वीं कक्षा तक बढ़ाई छुट्टियां
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को बंद रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में भी स्कूली बच्चों की छुट्टियां 21 जनवरी तक बढ़ाई गई हैं। पंजाब में 5वीं कक्षा तक सभी सरकारी, एडेड, और प्राइवेट स्कूल 21 जनवरी तक बंद रहेंगे। मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोमवार सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे। डबल शिफ्ट वाले स्कूल सुबह 9 से शाम 4 बजे तक खुलेंगे।
चंडीगढ़ में 8वीं कक्षा तक के स्कूल 21 जनवरी तक रहेंगे बंद
चंडीगढ़ में पहली से 8वीं कक्षा तक के स्कूल 21 जनवरी तक बंद रहेंगे, लेकिन इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को नियमित स्कूल जाना होगा, लेकिन उनकी क्लासें सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद नहीं होंगी। आदेश में सभी स्कूलों को स्टाफ के काम का समय सुबह 9 से दोपहर 4 बजे तक तय करने की भी हिदायत दी गई है।