(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा में गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नगर-कीर्तन निकाला गया। इस नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों ने की और गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी को फूलों से सजाया गया था। पंच प्यारों की अगुवाई में बैंड बाजे की धुन पर निकाले गए नगर कीर्तन का शहरवासियों ने जगह-जगह फूलों से स्वागत किया। नगर कीर्तन में अनेक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
गुरुघर से जुड़ी महिलाओं ने पालकी साहिब के आगे-आगे रहकर पानी की बौछार और साफ-सफाई की। नगर कीर्तन शोभायात्रा जीटी रोड़ हैप्पी की वर्कशाप से शुरू होकर जीटी रोड़, अनाज मंडी, पुराना थाना रोड़, काठ मंडी, रेलवे रोड़ होते हुए माडल टाऊन गुरुद्वारा में समपन्न हुई। रास्ते भर नगर कीर्तन में गतका पार्टी ने अनेक करतब दिखाए। शबद कीर्तन जत्थों ने गुरु की महिमा का बखान किया। रागी जत्थों ने गुरु गोविंद सिंह के इतिहास के बारे में संगतों को अवगत करवाया। नगर कीर्तन की अगुवाई गुरुद्वारा कमेटी प्रधान जगतार सिह बिल्ला कर रहे थे।

जजपा नेता हरियाणा उपाध्यक्ष देवेन्द्र कादियान ने गुरु ग्रंथ साहिब के चरणो में मत्था टेककर अपनी हाजरी लगवाई और आर्शिवाद लिया। कमेटी प्रधान जगतार सिंह ने सभी संगत की तरफ से जजपा नेता को सिरोपा पहना कर सम्मानित किया।गुरुद्वारा प्रधान जगतार सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान का जर्रा-जर्रा श्री गुरु गोविंद सिंह के परोपकारों को याद कर रहा है। उन्होंने अपना पूरा परिवार देश-धर्म पर न्यौछावर कर जुल्म एवं जालिमों को जड़ से मिटा दिया।
