➤आज हरियाणा के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान, केवल 7 जिलों में हल्की बारिश की संभावना।
➤अब तक प्रदेश में सामान्य से 19% अधिक बारिश हुई है, सबसे अधिक वर्षा यमुनानगर में दर्ज।
➤27 और 28 जुलाई को मानसून फिर से सक्रिय, 28 को 8 जिलों में यलो अलर्ट के साथ भारी बारिश की चेतावनी।
हरियाणा में शनिवार को अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राज्य के केवल सात जिलों – पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार रात को गुरुग्राम और भिवानी में हल्की बारिश दर्ज की गई। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में शनिवार तड़के हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन बस स्टैंड में जलभराव की स्थिति बन गई। इसी तरह चरखी दादरी में भी देर रात वर्षा हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक हरियाणा में सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। जहां 25 जुलाई तक औसतन 175.7 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहां अब तक 209.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। यमुनानगर में सबसे अधिक 472.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सबसे कम वर्षा कैथल में 95.9 मिमी रही है। चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और यमुनानगर में वर्षा का आंकड़ा 300 मिमी से ऊपर चला गया है।
आईएमडी के ताजा अनुमान के अनुसार, शनिवार को राज्य के 15 जिलों में मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। शेष 7 जिलों में बारिश की संभावना 0 से 25 प्रतिशत के बीच बताई गई है।
वहीं, 24 से 26 जुलाई तक कमजोर पड़ चुके मानसून के 27 जुलाई से फिर से सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन सिरसा और फतेहाबाद को छोड़कर शेष 20 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। हिसार, जींद, भिवानी में 0 से 25 प्रतिशत, कुरूक्षेत्र, कैथल, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और झज्जर में 25 से 50 प्रतिशत और पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 50 से 75 प्रतिशत वर्षा की संभावना है।
28 जुलाई को पूरे हरियाणा में मानसून पूर्ण रूप से सक्रिय रहेगा। इस दिन सभी जिलों में बारिश का अनुमान है। सिरसा में 0 से 25 प्रतिशत, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल और कुरूक्षेत्र में 25 से 50 प्रतिशत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में 50 से 75 प्रतिशत, तथा चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात (नूंह) और पलवल में 75 से 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इन आठ जिलों में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।