हरियाणा के जिला करनाल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एशियन गेम्स 2023 के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पदक विजेताओं को 81 करोड़ रुपये की इनामी राशि देकर सम्मानित किया। एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल विजेता पानीपत के गोल्ड ब्वॉय नीरज चोपड़ा सहित 22 खिलाड़ी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में 22 खिलाड़ी किसी कारणवश नहीं पहुंच पाए है। उनके परिवार के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल सुबह ही इस कार्यक्रम में पहुंच गए थे। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को भी पहुंचना था, लेकिन वह किसी कारण वश कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में जुड़े और खिलाड़ियों को बधाई दी। अनुराग ठाकुर ने हरियाणा में 15 खेलो इंडिया सेंटरों को खोलने की मंजूरी भी दी। जिनमें से आज 10 सेंटरों का उद्घाटन मुख्यमंत्री की ओर से कार्यक्रम के दौरान किया गया। अन्य पांच सेंटर भी आगामी एक वर्ष से पहले ही खोलने का आश्वासन दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से हरियाणा के अन्य 7 जिलों भी खेलो इंडिया सेंटर खोलने की मंजूरी मांगी। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा के प्रत्येक जिले के खिलाड़ी खेलो इंडिया गेम्स के लिए तैयार हो सकें और खेलों में अपना भविष्य सुनिश्चित कर सकें।
विधायक गोगी ने किया भाजपा पर कटाक्ष, बोलें खिलाड़ी सरकार की नीतियों से नहीं खुश
असंध से विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कार्यक्रम को लकर भाजपा पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति करना चाह रही थी, लेकिन खिलाड़ी सरकार की खेल नीतियों से खुश नहीं है। इसका परिचय आज करनाल में सरकार की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में न पहुंचकर खिलाड़ियों ने दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस लायक भी नहीं समझा कि वो उनसे सम्मान लें।

एशियन गेम्स 2023 में प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ी
एशियन गेम्स 2023 में नीरज चोपड़ा, सुरजीत, नितिन रावल, प्रियंका, सरबजोत सिंह, सुमित, शैफाली वर्मा, पलक, नवीन कुमार, पूजा नरवाल, रितू नेगी, रिदम सांगवान, अभिषेक, प्रवेश, सुनील कुमार, काजल, शिवा नरवाल, मनु भाकर और संजय के गोल्ड मेडल जीतने पर उन्हें 3 करोड़ रुपये की राशि दी गई। वहीं सिल्वर मेडल जीतने वाली पलक, दीपक पूनिया, सरबजोत सिंह और रमिता को डेढ़ करोड़ रुपये की राशि के दी गई।
इनके अलावा ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुनील कुमार, सोनम मलिक, प्रवीण हुड्डा, रमिता, सविता, मोनिका, दीपिका, परमिंद्र सिंह, आर्यन पाल सिंह धुमन, अमन सेहरावत, किरन बिश्नोई, नरेंद्र बेरवाल, आदर्श सिंह, उदिता, सानिका, सीमा पूनिया, अंतिम पंघाल, प्रीति पंवार, प्रीति लांबा, अनीश भनवाला, निशा, नवनीत कौर और भजन कौर को 75 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
1100 नर्सरियों में तैयार हो रहे है खिलाड़ी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नई-नई योजनाएं ला रही है। जिनका फायदा खिलाड़ियों को मिलता है। बचपन से ही बच्चा अपनी रुचि के अनुसार खेलों में आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां चल रही हैं। बच्चे अपने देश के गोल्ड मेडलिस्ट व प्रतिभावान खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़े और हरियाणा का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर खेलता है तो वह अपना नाम हरियाणा में रोशन करता है। जब देश में खेलता है तक राष्ट्र स्तर पर उसकी पहचान बनती है। वहीं जब खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलता है तो उसके साथ साथ देश व प्रदेश की भी पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि ओलिंपिक खेल हों या एशियन गेम्स, मेडल लाने में हरियाणा के खिलाड़ियों की भागीदारी सबसे ज्यादा रही है। देश के कुल मेडल में से 35 से 40 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों के होते हैं, इसलिए मेडल लाने की लिस्ट में हरियाणा नंबर वन पर है।
झज्जर और पंचकूला में खोली जाएगी शूटिंग रेंज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कहीं पर भी शूटिंग रेंज नहीं है। झज्जर के निमाना व पंचकूला के सेक्टर 32 में शूटिंग रेंज खोली जाएगी। इसके साथ ही दो स्थानों पर आर्चरी भी होगी। जहां पर खेल होते हैं, वहां पर खेलों से संबंधित उपकरणों जैसे बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, नेट, फुटबॉल, रेसलिंग, जूडो पर अन्य की जरूरत पड़ी है। इसके लिए इसी वर्ष एक पॉलिसी बनाई जाएगी। जहां पर डिमांड होगी, वहां पर समान उपलब्ध करवाया जाएगा।
हिसार, सिरसा, सोनीपत और करनाल में जल्द खुलेंगे सेंटर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, फरीदाबाद और पलवल में खेलो इंडिया सेंटर का उद्घाटन किया जा चुका है। अब हिसार, सिरसा, सोनीपत और करनाल में जल्द ही सेंटर खोले जाएंगे। इन सेंटरों को बढ़ाने के लिए 5 लाख रुपये की भी स्वीकृति मिली है।