Haryana Budget Session Live Updates : हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकारी संकल्प पेश किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने भव्य मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से आभार जताया है। सदन में सर्वसम्मति से पास प्रस्ताव हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे लाखों पूर्वजों की कुर्बानी और तप से यह दिन देखना का मौका मिला है।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी 22 फरवरी को भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। जिसको लेकर कांग्रेस में दो मत नजर आ रहे हैं। तोशाम से कांग्रेस विधायक एवं वरिष्ठ नेत्री किरण चौधरी ने अविश्वास प्रस्ताव लाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव लाने पर सवाल उठाया है। जिससे कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी दिखाई दे रही है। वहीं कांग्रेस की ओर से दिए गए अविश्वास प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रघुवीर कादियान, जगबीर मलिक, गीता भुक्कल, वरुण चौधरी, अमित सिहाग, मामन खान, बीबी बत्रा, शमशेर सिंह गोगी और नीरज शर्मा सहित 26 विधायकों ने हस्ताक्षर किए हैं।

किसान आंदोलन की लड़ाई कर सकती है उग्र रूप धारण
कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा कि मेरा सुझाव है कि पूरा सदन एक प्रस्ताव पास करके केंद्र को भेजे कि किसानों की मांगों को माना जाए। हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। किसान आंदोलन की लड़ाई उग्र रूप धारण कर सकती है। हरियाणा में नशा बढ़ रहा है। बेरोजगारी में हरियाणा सबसे अधिक है। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार का महिमामंडन किया गया है। राज्यपाल का अभिभाषण सरकार के विजन का डॉक्यूमेंट है। किसान सड़क पर है, समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटा गया है। कर्मचारी सड़क पर है और बेरोजगारी के चलते युवा परेशान हैं, मजदूर के पास काम नही वो चौक पर खड़े हैं। प्रदेश में मंत्री पर यौन शोषण के आरोप है। सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। कादियान ने कहा कि खोदा पहाड़ निकली चुहिया और अभिभाषण झूठ का पुलिंदा हैं। राज्यपाल का अभिभाषण नही सीएम का अभिभाषण है आज देश में 7.83 प्रतिशत बेरोजगारी है। जबकि 34.5 हरियाणा बेरोजगार है।
वहीं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री रामेश्वर तेली ने के जवाब में स्पष्ट है कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार के समय 2013-14 में बेरोजगार 2.9 प्रतिशत थी, जो बीजेपी सरकार के दौरान 2021-22 में 9 फीसदी पहुंच चुकी है। यह देश की पहली ऐसी सरकार है जो रोजगार देने की वजह छिनने का काम कर रही है। कच्चे कर्मचारियों को गेस्ट टीचर की नौकरी हटा रही है। नए स्कूल को खोलने की बजाए सरकारी स्कूलों को बंद करने की मिशन पर आगे बढ़ रही है।

अयोध्या में एयरपोर्ट का नामांकन अच्छा कदम
जननायक जनता पार्टी के विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि जिन महर्षि वाल्मीकि ने रामायण लिखी थी और उनके नाम पर अयोध्या एयरपोर्ट का नामांकन करना अच्छा कदम है। सरकार ने पिछड़ों को भी सम्मान दिया। गृह मंत्री अनिल विज ने भी राम मंदिर संकल्प का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हमने राम मंदिर को अपनी आंखों के आगे बनते हुए देखा। इसके लिए आने को लड़ाईयां हुई। राम मंदिर निर्माण को लेकर कई बार आंदोलन भी हुए, मैं भी उनमें शामिल रहा। 6 दिसंबर को जो घटना अयोध्या में हुई मैं इसका साक्षी हूं।
उन्होंने कहा कि मैंने सब कुछ अपनी आंखों से देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के चलती सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिना किसी रूकावट के राम मंदिर का निर्माण हुआ। मैं भगवान राम की प्रतिमा बनाने वाले कारीगर की भी तारीफ करता हूं। साथ ही जिन्होंने मंदिर की वस्तु बनाई उनका भी धन्यवाद करता हूं। मैं चाहूंगा कि मुख्यमंत्री सभी विधायकों को अयोध्या में रामलला मंदिर के दर्शन करवाने के लिए लेकर जाएं।

रामलला मंदिर को लेकर विधानसभा में सरकारी संकल्प पेश
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रस्ताव पेश किया। राम राज्य में किसी कोई दिक्कत नही होती थी। सभी मिलकर रहते थे। पीएम मोदी का धन्यवाद है कि 500 साल बाद राम अयोध्या में विराजे है। ये हमारे लिए परम् सुख की बात है। ये उपलब्धि हमे हमारे पूर्वजों के प्रयासों और कुर्बानी से मिली है। ये उपलब्धि अमृतकाल में मिली है। राममंदिर प्रस्ताव पर नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा में सवाल उठाएं। उन्होंने कहा कि राम सभी के होते हैं। लेकिन सबसे पहले राम मंदिर के दरवाजे राजीव गांधी ने खुलवाए थे। उनका भी लिखकर सरकारी संकल्प में होना चाहिए। कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा कि वह भी सरकारी संकल्प का स्वागत करते हैं, लेकिन इसमें कर्म पूजा का भी जिक्र होना चाहिए।
कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि रघुकुल में वचन निभाने की परंपरा है लेकिन उनके इलाज हल्के में विकास कार्य को लेकर सदन में जो आश्वासन मिला था वह अभी तक पूरा नहीं हुआ। अगर सरकार राम जी की बात करती है, तो उनकी कार्यशैली को भी माने।

कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने राम मंदिर सरकारी संकल्प का किया स्वागत
किरण चौधरी ने कहा कि जो राम का नाम जपता है वह सफल रहता है। राम मंदिर का बनना बहुत अच्छी बात है, लेकिन सबसे पहले राम मंदिर के कपाट पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खोले थे। उनका भी जिक्र होना चाहिए। इस मसले पर अगर राजनीति होती है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। राम सभी के हैं। निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने भी राम मंदिर पर सरकारी संकल्प का समर्थन किया। राम राज्य में एक ऐसी शासन की कल्पना है जिसमें लोगों को न्याय भाईचारा और समानता होती है। आज सरकार को भी संकल्प लेना चाहिए कि राम राज्य की विशेषताएं प्रदेश में भी लागू हो। वहीं विधानसभा बजट सत्र के दौरान कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी ने सरकार से सवाल किया कि क्या सरकार राज्य में सामाजिक-आर्थिक पर्यवेक्षण करवाने का इरादा रखती है। उन्होंने मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला भी दिया, लेकिन सरकार ने उनके प्रश्न का नहीं में उत्तर दिया। इस दौरान सवाल पर कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के बीच तीखी नोक-झोक भी हुई।