CM Mohan Yadav in Haryana : लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। जिसके तहत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 9 मार्च को हरियाणा का दौरा करेंगे। इस दौरान मोहन यादव महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उन्हें संबोधित करेंगे। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव हरियाणा और दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही शाम को दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के तहत वह सुबह 11 बजे के बाद नई दिल्ली पहुंचेंगे। 12 बजे हरियाणा के जिला गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक होगी। इसके बाद शाम करीब 4 बजे फरीदाबाद के हैलीपेड ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां सेक्टर-17 के मॉडर्न स्कूल में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद नई दिल्ली में शाम करीब 6 बजे भाजपा नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

गौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देशभर की लोकसभाओं को 146 कलस्टरों में बांटा है। ऐसे में हरियाणा को भी तीन कलस्टरों में बांटा गया है। सभी कलस्टरों के प्रभारी, संयोजक और सह संयोजक की नियुक्ति कर दी गई है। जिसके तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद लोकसभा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने आ रहे हैं।

माना जाता है कि उत्तर प्रदेश और बिहार में यादव समाज का काफी प्रभाव रहा है। ऐसे में भाजपा अब उत्तर प्रदेश में अपने मोहन यादव कार्ड के जरिए यादव वोट बैंक पर सेंधमारी की बड़ी तैयारी में दिखाई दे रही है। इसके साथ ही हरियाणा को भी जोड़ा जा रहा है। जिसकी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी गई है। बता दें कि हरियाणा में यादव वोट बैंक कांग्रेस, इनेलो और भाजपा के बीच बंट जाता है। ऐसे में यादव नेताओं को संगठन और सरकार में प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।

कयास लगाया जा रहा है कि इस कदम से कहीं न कहीं यादव वोट बैंक भाजपा के पाले में आ सकता है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन जिलों के कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री यादव गुरुग्राम में चुनाव संचालन और चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में भी शामिल होंगे। फिर फरीदाबाद में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन होगा।
