weather 56

2100 रुपए प्रतिमाह की सौगात! रक्षाबंधन पर लाडो लक्ष्मी योजना का ऐलान कर सकते हैं सीएम सैनी, नौकरीपेशा और पेंशनर्स को झटका

हरियाणा

➤हरियाणा सरकार रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को ₹2100 प्रति माह देने की योजना का ऐलान कर सकती है।

➤योजना को चार चरणों में लागू किया जाएगा, जिसमें पहले चरण में अत्यंत गरीब बीपीएल परिवारों की महिलाओं को शामिल किया जाएगा।

➤यह योजना भाजपा के संकल्प पत्र का प्रमुख वादा रही है और अब इसे मध्यप्रदेश की ‘लाड़ली बहना’ योजना की तर्ज पर लागू किया जा सकता है।

Whatsapp Channel Join

चंडीगढ़/हरियाणा: साल 2024 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा में सत्ता में लौटी भाजपा सरकार अब अपने प्रमुख चुनावी वादे को अमलीजामा पहनाने की तैयारी में है। रक्षाबंधन (9 अगस्त) के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ की संभावना जताई जा रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर माह ₹2100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम इस योजना को लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने ड्राफ्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को भेज दिया है। माना जा रहा है कि जैसे ही मुख्यमंत्री इसकी घोषणा करेंगे, उसी दिन से रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी शुरू कर दिया जाएगा।

चार चरणों में लागू होगी योजना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह योजना चार चरणों में लागू की जाएगी। पहले चरण में बीपीएल कार्डधारक परिवारों की महिलाओं को शामिल किया जाएगा, खासकर वे जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपए से कम है। इस श्रेणी में आने वाली महिलाएं योजना की प्राथमिक लाभार्थी होंगी।

नौकरीपेशा और पेंशनधारी महिलाएं बाहर

योजना के तहत नौकरीपेशा, पेंशन पाने वाली, या अन्य सरकारी सहायता प्राप्त महिलाएं पहले चरण में शामिल नहीं की जाएंगी। हरियाणा में 8.5 लाख महिलाएं विधवा, निराश्रित या परित्यक्ता पेंशन ले रही हैं, जिनका भी मूल्यांकन अलग आधार पर किया जाएगा।

राज्य की 75 लाख महिलाओं को कवर करने का लक्ष्य

18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की करीब 75 लाख महिलाओं को धीरे-धीरे योजना से जोड़ने की तैयारी है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लाभ सिर्फ उन्हीं को मिले जो तय सामाजिक और आर्थिक मापदंडों में आती हों।


राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का पुट

यह योजना सीधे तौर पर कांग्रेस की उस घोषणा को जवाब देने के लिए लाई जा रही है, जिसमें कांग्रेस ने चुनाव से पहले महिलाओं को ₹2000 प्रति माह देने का वादा किया था। भाजपा ने इससे एक कदम आगे जाकर ₹2100 प्रतिमाह की पेशकश की थी। संकल्प पत्र में यह पहला व प्रमुख वादा था।

मध्यप्रदेश मॉडल की छाया

हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना मध्यप्रदेश की “लाड़ली बहना योजना” से प्रेरित मानी जा रही है, जिसे भाजपा ने रक्षाबंधन के अवसर पर लागू कर महिलाओं के खातों में ₹1250 डालना शुरू किया था। एमपी में यह योजना राजनीतिक रूप से गेमचेंजर बनी थी। हरियाणा में भी भाजपा इसे महिला वोटर्स को साधने के लिए बड़ा दांव मान रही है।