अलविदा 2023 : हरियाणा में बीते साल 2023 में कई उठा-पटक होने के साथ राजनीति गलियारों में बयानबाजी का माहौल भी गर्म रहा। नेताओं के आपस में ही एक-दूसरे पर सुर बदलते दिखाई दिए। बीते साल में पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर शब्दों के तीखें बाण चलाएं।
हरियाणा की राजनीति में साल 2023 जहां मुख्यमंत्री के महिला को चंद्रयान पर भेजने के बयान और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर श्राप से चर्चा में रहा। वहीं कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसानों पर ही विवादित बयान दे डाला। उधर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के उप राष्ट्रपति पर कटाक्ष करते हुए टूटी खाट, झुका हुआ जाट किसी काम के नहीं वाले बयान ने कांग्रेस को जमकर घेरा। साथ ही उन पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का भी आरोप रहा। वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबिलास शर्मा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते घिरते दिखाई दिए।

महिला को चंद्रयान पर भेजने की बात
बात हरियाणा की सरकार से शुरू करें तो 8 सितंबर 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक महिला के रोजगार की मांग करने पर उसे चंद्रयान पर भेजने की बात कह डाली। दरअसल हिसार में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल लोगों से कई विषयों पर सवाल-जवाब कर रहे थे।

इस दौरान एक महिला ने सीएम से मांग करते हुए कहा कि हमारे यहां एक फैक्टरी लगवाने का कष्ट करें, ताकि महिलाएं काम करके आत्मनिर्भर बन सकें। महिलाओं को रोजगार मिल सके। महिला की इस मांग पर सीएम ने कहा कि अगली बार चांद के ऊपर चंद्रयान 4 जाएगा तो तुमको उसमें भेजेंगे। सीएम का जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगे। इसके बाद उन्होंने महिला को नीचे बैठा दिया। सीएम मनोहर लाल के इस बयान की विपक्षी पार्टियों द्वारा खूब आलोचना की गई।
उदयभान की पीएम पर विवादित टिप्पणी
भाजपा ने 24 सितंबर 2023 को हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोप था कि उदयभान ने प्रधानमंत्री के लिए ओछे और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। जिसका जवाब उन्हें देश देगा। बता दें कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान यमुनानगर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री और हरियाणा के सीएम के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर दी।

उदयभान ने कहा था कि भाजपा घोटालेबाजों और भ्रष्टाचारियों की सरकार है। आज हरियाणा प्रदेश पूरी तरह से कर्ज के जाल में फंस चुका है और सरकार की तरफ से पूछने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री आराम की नींद सो रहे हैं, उन्हें जनता से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यहीं नहीं रुके, उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल कर डाला, जिसे लेकर वह भाजपा के निशाने पर आ गए थे।

रणदीप सुरजेवाला का श्राप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने 24 अगस्त 2023 को एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा का समर्थन करने वालों को श्राप दे डाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने संबोधित करते हुए भाजपा को वोट देने वालों को राक्षस प्रवृत्ति का बताया था। यही नहीं, उन्होंने ऐसे लोगों को श्राप भी दे डाला था।

सुरजेवाला का कहना था कि वह सभी लोग जो भाजपा को वोट देते हैं, वह राक्षस हैं। जो लोग भाजपा की विचारधारा का समर्थन करते हैं, उनमें राक्षसी प्रवृत्ति है। सुरजेवाला का कहना था कि वह ऐसे लोगों को महाभारत की धरती से खड़े होकर श्राप देते हैं। रणदीप सुरजेवाला के इस बयान के बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई थी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने सुरजेवाला को मर्यादित भाषा के उपयोग की नसीहत दी थी।

किसानों पर ही विवादित बोल गए कृषि मंत्री
अगर हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल की बात करें तो उन्होंने 30 नवंबर 2023 को किसानों पर एक विवादित बयान दे डाला। जिसके बाद उनका खूब विरोध किया जा रहा है। किसान संगठन के नेता और विपक्षी पार्टी के नेताओं ने जेपी दलाल पर खूब निशाना साधा। सभी ने मांग की थी कि कृषि मंत्री अपने बयान को वापस लें और माफी मांगे। बता दें कि कृषि मंत्री जेपी दलाल का कहना था कि जिनकी घरवाली तक उनकी बात नहीं सुनती, उन्होंने किसानों का ठेका ले रखा है। वह सबको जानते हैं। किसी पर 5 तो किसी पर 3 मुकदमें दर्ज हैं और वह उल्टे-उल्टे काम कर रहे है।

वीडियो में भी कृषि मंत्री कहते हुए दिखाई दे रहे थे कि जिनकी घरवाली तक उनकी नहीं सुनती है, वो किसान नेता बने फिर रहे हैं। उन्होंने किसानों का ठेका ले रखा है। किसी की बीवी भागी हुई है तो किसी की छोरी। जेपी दलाल का कहना था कि अब मैं बोलूंगा तो कहेंगे कि उल्टा बोलता है। कुछ लोग मेरे पास गए थे। उन्होंने कहा था कि हमें अपने साथ मिला लो मैंने साफ तौर पर कह दिया कि मैं तुम्हें अपने साथ नहीं लेने वाला, क्योंकि मैं बोले बिना नहीं रह सकता। मंत्री का कहना था कि अगर वह किसानों को गुमराह करने वाले, उनका शोषण करने वालों के सामने झुक गए तो उनकी राजनीति का मकसद ही खत्म हो जाएगा। इसके बाद जेपी दलाल के इस बयान पर किसान संगठनों में बवाल मच गया था।

रामबिलास ने खुद बढ़ाई थी अपनी मुश्किलें
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने बीते वर्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी देकर अपनी मुश्किलों को बढ़ा लिया था। रामबिलास के 15 अक्तूबर 2023 को राहुल गांधी के संदर्भ में दिए गए गैर जिम्मेदाराना बयान पर हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने कड़ा विरोध जताया था।

दरअसल रामबिलास शर्मा हिसार में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर छींटाकशी करते हुए कहा कि वह कभी ट्रक ड्राइवरों के साथ अफीम खाने जाते हैं। कभी पेचकस लेकर कुछ करने लग जाता है। इतना ही नहीं कभी राहुल गांधी कुली बन जाता है तो कभी किसानों के बीच धान के खेत में पहुंच जाता है।