Haryana में ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा होगा। इसके अलावा, पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के भी आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हिसार में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। वहीं नारनौल, महेंद्रगढ़ और कुरुक्षेत्र में भी तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग ने कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में गहरी धुंध की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की दिशा में बदलाव होगा, जिससे प्रदूषण और ठंड का असर बढ़ सकता है।
सबसे प्रदूषित शहर
हरियाणा के 8 जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर बना हुआ है। चरखी दादरी प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है, जहां AQI का स्तर 500 तक पहुंच गया है। सिरसा और हिसार में भी स्थिति गंभीर है, जहां AQI 488 और 402 दर्ज किया गया।
अन्य प्रदूषित शहरों में सोनीपत, फतेहाबाद, जींद, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं। इन इलाकों में प्रदूषण के बावजूद प्रशासनिक आदेशों का पालन सख्ती से नहीं किया जा रहा है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बढ़ती ठंड और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।







