रोहतक में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वाले भविष्य को संवारने के लिए आए थे, लेकिन भविष्य को भूलकर भूतकाल को बदलने में जुट गए हैं। उनका मानना है कि सरकार को भविष्य के बारे में सोचना चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा मंगलवार को कांग्रेसियों की ओर से निकाली गई प्रभातफेरी के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उस समय भी प्रभातफेरी निकली जाती थी, जिस समय अंग्रेजी सरकार ने प्रतिबंध लगाया हुआ था। प्रभातफेरी निकालने वालों और झंडा फहराने वाले लाखों कांग्रेसियों को सजाएं दी गई। चौधरी रणबीर सिंह को भी झंडा फहराने पर तीन बार जेल जाना पड़ा था।
नौजवान घर-बार बेचने को मजबूर, हुड्डा राज के बाद तीन गुणा बढ़ गई महंगाई
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान अपना घर-बार बेचकर बाहर जाने को मजबूर है। ऐसे देशभक्ति नहीं हो सकती। देश और प्रदेश को आगे बढ़ता हुआ देखना चाहते हैं तो एकजुट होकर प्रयास करना जरूरी है। प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई अपने पैर पसारती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा राज के बाद प्रदेश में तीन गुणा महंगाई बढ़ गई है। वहीं आज बेरोजगारी के मामले में हरियाणा देश में नंबर वन पर पहुंच चुका है, लेकिन हम देश व प्रदेश के आगे बढ़ने की कामना करते हैं।
कांग्रेसी देशभक्ति में नहीं मानते फर्क
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देशभक्ति में आगे रही है और कांग्रेसी देशभक्ति में कोई फर्क नहीं मानते। इसके तहत कांग्रेस की ओर से प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। उनकी कामना है कि देश सदैव चमकते सितारे की तरह आगे बढ़ता रहे, लेकिन सरकार रोजगार देने में पिछड़ गई है। इसकी विफलताओं के क्या कारण है, यह सोचने वाली बात है। सरकार को इस पर अमल करना चाहिए।