Congress Jan Sandesh Yatra

Kumari Shailja ने ठंड में कार्यकर्ताओं को सिखाया नया नारा, Congress की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने CM City पर साधा जमकर निशाना, बोलीं बदलाव का समय समीप

करनाल बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

हरियाणा कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा वीरवार को अपनी जन संदेश यात्रा के दौरान सीएम सिटी करनाल में पूरे हरियाणवी रोब में नजर आई। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और लोगों को नया नारा भी सिखाया। कुमारी शैलजा ने कहा कि नया नारा है न्याय का हक, मिलने तक। हमें यह गर्माइस तब तक बनाए रखनी है, जब तक आप राहुल गांधी राहुल गांधी को दिल्ली लाल किले तक नहीं पहुंचा देते। उन्होंने कहा कि अब बदलाव और परिवर्तन का समय आ चुका है।

जिला हिसार से शुरू हुई एसआरके ग्रुप (सैलजा-रणदीप-किरण) की कांग्रेस जन संदेश यात्रा ने बुधवार देर रात करनाल के घरौंडा में पहुंची। यात्रा में करनाल से हलका असंध के विधायक शमशेर गोगी भी शामिल हुए। इस दौरान कई जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। कड़कड़ाती ठंड के बीच सैकड़ों कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर सभी नेता के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी। इस दौरान सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया। इस दौरान एसआरके ग्रुप के नेताओं ने भाजपा सरकार और सीएम सिटी पर जमकर निशाना साधा। कुमारी शैलजा ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे के नारे लगाते हुए राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र भी किया। कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से पूर्वोत्तर से पश्चिम तक निकाली जा रही न्याय यात्रा को पूरा प्यार मिल रहा है। यात्रा को चर्चा में रहे मणिपुर से शुरू किया गया, जहां बहन-बेटियों के साथ कितने अत्याचार हुए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां कभी जाकर नहीं देखा।

एसआरके 1

शैलजा ने हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी को नकारा, बोली कांग्रेस का सिर्फ एक ही गुट

Whatsapp Channel Join

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी में सिर्फ एक ही गुट है और वह कांग्रेस का गुट है। उन्होंने कहा कि सभी का काम करने का तरीका अलग-अलग हो सकता है, लेकिन सबका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन से कांग्रेस पार्टी मजबूत हो रही है। वहीं उन्होंने इंडिया गठबंधन में एकल राह की सोच पर कहा कि इंडिया गठबंधन सभी की सहमति से बनाया गया है। अब इसमें कौन किस तरह से काम कर रहा है। इसके बारे में यहां बैठकर कुछ नहीं कहा जा सकता।

सीएम सिटी के हालात किसी से नहीं छिपे, प्रदेश का भी बुरा हाल

जन संदेश यात्रा के दौरान कुमारी शैलजा ने सीएम सिटी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम सिटी के हालात किसी से छिपे नहीं है। विकास के नाम पर घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह घोटाले सिर्फ सीएम सिटी में ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में सामने आ रहे हैं। शैलजा ने कहा कि सरकार का काम सिर्फ घोटालों पर पर्दा डालना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के घोटालों को लेकर कई बार सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किए, लेकिन सरकार घोटालेबाजों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ घोटालेबाजों को बचाना है।

एसआरके

शैलजा ने विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

यात्रा के दौरान चुनाव लड़ने के सवाल पर कांग्रेस नेत्री शैलजा ने कहा कि उनके लोकसभा या विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर फैसला हाईकमान करेगा। फिर भी उनकी इच्छा है कि वह इस बार विधानसभा चुनाव लड़े। इस दौरान शैलजा ने असम सरकार पर आरोप लगाए कि असम में भाजपा की सरकार है और वहां कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया है। आरोप है कि कांग्रेस नेताओं पर लाठियां चलाई गईं, राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन वह निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। लोगों का स्नेह उन्हें मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सदन नहीं चलने दिया। जब विपक्ष ने आवाज उठाई तो उन्हें ही सस्पेंड कर दिया गया। सरकार विभिन्न मुद्दों पर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।

एसआरके 2

किरण चौधरी ने कहा धार्मिक मुद्दों को हो रहा राजनीतिकरण, राम मंदिर सबसे बड़ा उदाहरण

इस दौरान कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ और जुमलों की सरकार है। धार्मिक मुद्दों का भी राजनीतिकरण किया जा रहा है। इसमें राम मंदिर सबसे बड़ा उदाहरण है। सरकार दावों के साथ हरियाणा को नंबर वन बता रही है, जबकि प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई, युवाओं को विदेश भेजने, भ्रष्टाचार जैसे मामलों में नंबर वन बन चुका है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने की बड़ी-बड़ी बातें आज जुमला साबित हो रही है। आज हकीकत है कि लोग भाजपा की सरकार से परेशान हो चुके हैं। हर वर्ग को अपने हक के लिए धरने प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। फिर भी लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं राहुल गांधी यात्रा के दौरान हर लोकसभा में पहुंच रहे हैं। लोग उत्साहित होकर उनकी यात्रा का स्वागत कर रहे हैं। किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की होगी। प्रदेश से महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को जड़ से खत्म किया जाएगा।

किरण चौधरी ने कहा कि हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया है कि घर-घर जाकर लोगों को कांग्रेस की नीतियां समझानी है। 10 साल के दौरान प्रदेश का जो हाल हुआ है। उसे सभी लोग जानते हैं। इस सरकार मजदूर वर्ग के साथ हमारे युवाओं के साथ भी धोखा किया है। जनता आने वाले चुनाव में इस सरकार को बाहर करने का काम करेगी।