Haryana कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता बालमुकुंद शर्मा का पार्टी से निष्कासन विवाद का विषय बन गया है। नेता प्रतिपक्ष को लेकर दिए गए बयान के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान द्वारा जारी निष्कासन पत्र पर बालमुकुंद शर्मा ने हस्ताक्षर को फर्जी बताया है। उन्होंने दावा किया कि पत्र पर कांग्रेस अध्यक्ष के प्रिंटेड सिग्नेचर हैं और अब वह इस मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस के पास जाने की तैयारी कर रहे हैं।
बालमुकुंद शर्मा ने कहा है कि वह इस मामले में हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के खिलाफ पुलिस में शिकायत करेंगे। उदयभान ने 8 नवंबर को बालमुकुंद शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था, जिसके बाद शर्मा ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए निष्कासन को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए था।
अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की अटकलें
बालमुकुंद शर्मा ने खुलासा किया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में मंथन चल रहा था और अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर विचार किया गया था। इसके अलावा चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की भी योजना थी, जिसमें आदित्य सुरजेवाला, चिरंजीव राव, बालमुकुंद शर्मा, और भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट से एक व्यक्ति के नाम पर चर्चा की जा रही थी। बालमुकुंद का दावा है कि कार्यकारी अध्यक्ष के लिए उनके नाम की चर्चा होने के बाद ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष के पद पर अशोक अरोड़ा की दावेदारी
बालमुकुंद शर्मा ने कहा कि वह अब भी इस बात पर कायम हैं कि कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ही नेता प्रतिपक्ष बनेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र हुड्डा ने अपने बेटे के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस की बलि दी, और अपने बेटे को कांग्रेस सांसद बनाने के लिए चार विधानसभा सीटें दीं।
कांग्रेस अध्यक्ष का बयान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के जारी पत्र में बालमुकुंद शर्मा पर आरोप लगाया गया कि वह पार्टी का प्रवक्ता होने का दावा करके अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं, जो कांग्रेस के सिद्धांतों के खिलाफ है। उदयभान ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से पार्टी की छवि धूमिल हुई है और यह पार्टी संविधान का उल्लंघन है। इस वजह से बालमुकुंद को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है।