इन दिनों जहां कुश्ती जगत में काफी उथल-पुथल चल रही है, वहीं देश में दंगल गर्ल के नाम से मशहूर हरियाणा पुलिस में डीएसपी गीता फोगाट एक बार फिर कुश्ती के मैट पर अपनी वापसी करने जा रही हैं। बता दें कि दंगल गर्ल गीता फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली पहली महिला पहलवान हैं। उन्होंने वर्ष 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। अब वह साल 2024 के पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में जुट गई हैं।
दंगल गर्ल गीता फोगाट शनिवार को हरियाणा के जिला सोनीपत के स्वर्णप्रस्थ स्कूल में आयोजित फन एंड फेयर कार्यक्रम में पहुंची। इस दौरान जब गीता फोगाट से पहलवान बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक से संबंधित सवाल पूछे गए तो वह उन सवालों पर कन्नी काटती दिखी। पहलवानों के राजनीतिक क्षेत्र में आने के सवाल गीता बचती नजर आई। उन्होंने कहा कि वह जल्द रेसलिंग के क्षेत्र में दोबारा अभ्यास शुरू करेंगी।

इस दौरान गीता ने भारतीय कुश्ती महासंघ की नवनियुक्त इकाई को रद्द करने पर भी सवाल उठाएं। उन्होंने कहा कि महासंघ की इकाई को रद्द करने के पीछे भी कोई मकसद रहा होगा। इस मकसद का नया अध्यक्ष बनने के बाद ही खुलासा होगा।

पहलवान अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लड़ाई, फेडरेशन के कारण प्रभावित हुई कुश्ती
गीता फोगाट ने कहा कि पहलवान अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। वह लड़ाई सच की लड़ाई है और सभी पहलवान अपनी जगह बिल्कुल सही हैं। उन्हें आज नहीं तो कल न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महासंघ की इकाई को रद्द करने के मुझे कोई मकसद रहा होगा। नया अध्यक्ष बनने के बाद क्लीयर हो पाएगा। नया अध्यक्ष कौन बनेगा, यह अभी कुछ मालूम नहीं है।

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद ही पता चल पाएगा कि किस मकसद से फेडरेशन की नई इकाई को रद्द किया गया था। अभी कहना बड़ा मुश्किल है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्टार पहलवानों की कुश्ती प्रभावित रही है। फेडरेशन के कारण लंबे समय से पहलवानों की कुश्ती प्रभावित हुई है।

स्टार पहलवानों के साथ जैसा व्यवहार हुआ, वह पूरा देश जानता है
इससे पहले दंगल गर्ल पहलवान गीता फोगाट ने स्वर्णप्रस्थ स्कूल में आयोजित फन एंड फेयर कार्यक्रम का रिबन काटकर शुभारंभ किया। गीता ने कहा कि 2 महीने पहले कंधे में इंजरी हुई थी। अब उसने दोबारा से ट्रेनिंग शुरू की है। साल 2024 में अच्छा करने का प्रयास रहेगा और दोबारा कुश्ती के मैदान पर नजर आने वाली हैं।

गीता फोगाट ने कहा कि आज नहीं तो कल जिस लड़ाई को पहलवान लड़ रहे हैं, उसमें न्याय मिलेगा। स्टार पहलवान सड़कों पर बैठे रहे, उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार हुआ पूरा देश जानता है। खिलाड़ी पूरी तरह से हताश हुए हैं। अन्याय के खिलाफ जब-जब लड़ाई लड़ी गई, तब-तब सच की जीत जरूर होती है। इस दौरान गीता फोगाट पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक के राजनीतिक क्षेत्र में आने के सवाल पर बचती नजर आई।
